MP News: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सूर्योपासना और विक्रमोत्सव के मौके पर प्रदेशवासियों को नववर्ष की शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने बताया कि पूरे मध्यप्रदेश में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। सीएम ने सम्राट विक्रमादित्य को याद करते हुए कहा कि वे आज भी करोड़ों लोगों के दिलों में जीवंत हैं। गुड़ी पड़वा से गंगा दशमी तक जल संरचनाओं पर विशेष कार्य किए जाएंगे और तीन महीने तक ‘जल गंगा संवर्धन अभियान’ चलाकर जल संरक्षण को प्राथमिकता दी जाएगी।
भिंड में दर्दनाक हिट एंड रन हादसा, युवक की हालत गंभीर
भिंड जिले के गोपालपुरा स्टेट हाईवे पर एक तेज रफ्तार बाइक सवार ने सड़क पर खड़ी गाय को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि गाय और बाइक सवार करीब 10 मीटर तक सड़क पर घिसटते चले गए। हादसे में घायल युवक की पहचान 27 वर्षीय रोहित बाथम के रूप में हुई। राहगीरों की मदद से उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन गंभीर हालत के चलते उसे ग्वालियर रेफर कर दिया गया। सीसीटीवी फुटेज में हादसे की भयावहता साफ दिखाई दे रही है।
खकनार में हथियार तस्कर गिरफ्तार और कांग्रेस को सुप्रीम कोर्ट से राहत
बुरहानपुर जिले के खकनार में पुलिस ने पंजाब से आए दो अंतर्राज्यीय हथियार तस्करों को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उनके पास से 2 देसी पिस्टल और 2 मोबाइल फोन बरामद किए गए। पुलिस ने आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। वहीं, कांग्रेस विधायक मुकेश मल्होत्रा को सुप्रीम कोर्ट से राहत मिली है। ग्वालियर हाईकोर्ट के आदेश पर स्टे लगने के बाद उनका निर्वाचन शून्य घोषित नहीं किया गया और फिलहाल वे विधायक बने रहेंगे। अगली सुनवाई 23 जुलाई को होगी।
मध्यप्रदेश में त्योहारों के बीच सुरक्षा और आस्था का माहौल
इंदौर में भोजशाला विवाद में जैन समाज ने हाईकोर्ट में नया दावा पेश किया है, सुनवाई 2 अप्रैल को होने की संभावना है। शाजापुर में मां राजराजेश्वरी मंदिर में चैत्र नवरात्रि के मौके पर भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी और 15 दिवसीय मेले की शुरुआत हुई। इसके अलावा, पुलिस महकमे में त्योहारों के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए डीजीपी ने सभी छुट्टियों पर रोक लगा दी है। इमरजेंसी स्थिति में ही वरिष्ठ अधिकारियों की अनुमति से ही छुट्टी दी जाएगी।


