अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट आने के बावजूद देश में पेट्रोल और डीजल के दामों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। सरकारी तेल कंपनियों ने 12 जून के लिए ईंधन की कीमतें स्थिर रखी हैं। ऐसे में आम उपभोक्ताओं को आज भी पुराने रेट पर ही पेट्रोल और डीजल खरीदना होगा।
दरअसल, अमेरिका द्वारा ईरान पर संभावित सैन्य कार्रवाई टालने के फैसले के बाद वैश्विक तेल बाजार में राहत देखने को मिली है। इस फैसले के चलते कच्चे तेल की आपूर्ति को लेकर बनी आशंकाएं कम हुई हैं, जिसका असर सीधे क्रूड ऑयल की कीमतों पर पड़ा। शुक्रवार को ब्रेंट क्रूड करीब 1.49 फीसदी गिरकर 89.03 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया, जबकि डब्ल्यूटीआई (WTI) क्रूड 1.61 फीसदी टूटकर 86.30 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार करता दिखा।
हालांकि, कच्चे तेल की कीमतों में आई इस नरमी का फायदा फिलहाल आम उपभोक्ताओं को नहीं मिल रहा है। विशेषज्ञों के अनुसार, पिछले कुछ महीनों में कच्चे तेल के महंगे होने से सरकारी तेल कंपनियों पर भारी वित्तीय दबाव पड़ा है। अनुमान है कि पेट्रोल, डीजल, एलपीजी और एविएशन टर्बाइन फ्यूल की बिक्री पर कंपनियों को प्रतिदिन करीब 750 करोड़ रुपये का नुकसान उठाना पड़ रहा है। ऐसे में कंपनियां फिलहाल खुदरा कीमतों में कटौती करने के मूड में नहीं हैं।
देश के प्रमुख शहरों में पेट्रोल और डीजल के दाम स्थिर बने हुए हैं। दिल्ली में पेट्रोल 102.12 रुपये और डीजल 95.20 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है। वहीं मुंबई में पेट्रोल 111.21 रुपये और डीजल 97.83 रुपये प्रति लीटर है। लखनऊ में पेट्रोल 101.89 रुपये और डीजल 95.36 रुपये प्रति लीटर मिल रहा है।
उपभोक्ता घर बैठे भी अपने शहर के ताजा पेट्रोल-डीजल रेट जान सकते हैं। इंडियन ऑयल के ग्राहक RSP लिखकर 9224992249 पर SMS भेज सकते हैं। वहीं भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम के ग्राहक भी कंपनी द्वारा जारी नंबरों पर संदेश भेजकर ताजा कीमतों की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।


