कंगना रनौत स्टारर फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर इसकी शुरुआत उम्मीदों के मुताबिक नहीं रही। फिल्म को समीक्षकों और दर्शकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिलने के बावजूद पहले दिन दर्शकों को थिएटर तक खींचने में संघर्ष करना पड़ा। यही वजह रही कि फिल्म की ओपनिंग कमाई काफी निराशाजनक रही है।
मनोज तापड़िया के निर्देशन में बनी ‘भारत भाग्य विधाता’ 13 जून को सिनेमाघरों में रिलीज हुई। फिल्म को रिलीज के दिन बॉक्स ऑफिस पर अन्य नई फिल्मों से कड़ी प्रतिस्पर्धा का सामना करना पड़ा। दिलजीत दोसांझ की ‘मैं वापस आऊंगा’ और मनोज बाजपेयी की ‘गवर्नर’ जैसी फिल्मों की मौजूदगी ने भी इसके कारोबार को प्रभावित किया।
ट्रेड वेबसाइट सैकनिल्क की शुरुआती रिपोर्ट के अनुसार, ‘भारत भाग्य विधाता’ ने अपने पहले दिन भारत में लगभग 1 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया है। फिल्म के कुल 2181 शो प्रदर्शित किए गए, लेकिन दिनभर की औसत ऑक्यूपेंसी करीब 11 प्रतिशत ही रही। यह आंकड़ा किसी बड़े स्टार की फिल्म के लिए काफी कम माना जा रहा है।
कंगना रनौत की हालिया फिल्मों के प्रदर्शन पर नजर डालें तो ‘भारत भाग्य विधाता’ उनकी सबसे कमजोर ओपनिंग करने वाली फिल्मों में शामिल हो गई है। इससे पहले रिलीज हुई ‘इमरजेंसी’ ने पहले दिन 2.50 करोड़ रुपये का कारोबार किया था, जबकि वर्ष 2023 में आई ‘तेजस’ ने ओपनिंग डे पर 1.25 करोड़ रुपये की कमाई की थी। ऐसे में ‘भारत भाग्य विधाता’ इन दोनों फिल्मों से भी पीछे रह गई है।
फिल्म की शुरुआत भले ही धीमी रही हो, लेकिन अब निर्माताओं और ट्रेड विशेषज्ञों की नजरें वीकेंड कलेक्शन पर टिकी हैं। सकारात्मक वर्ड ऑफ माउथ और अच्छी समीक्षाएं फिल्म को शनिवार और रविवार को फायदा पहुंचा सकती हैं। यदि दर्शकों का समर्थन मिला तो फिल्म के कलेक्शन में उछाल देखने को मिल सकता है।
‘भारत भाग्य विधाता’ को मनोज तापड़िया ने लिखा और निर्देशित किया है। फिल्म में कंगना रनौत मुख्य भूमिका में हैं और उन्होंने इसके निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। फिल्म को पेन स्टूडियोज, मणिकर्णिका फिल्म्स और परमहंस क्रिएशन्स ने संयुक्त रूप से प्रोड्यूस किया है। कंगना के अलावा ईशा डे, गिरिजा ओक और स्मिता तांबे ने भी अहम भूमिकाएं निभाई हैं।
अब देखना दिलचस्प होगा कि फिल्म वीकेंड पर दर्शकों का कितना समर्थन हासिल कर पाती है और बॉक्स ऑफिस पर अपनी स्थिति को कितना मजबूत कर पाती है।


