भोपाल: मध्य प्रदेश में कैबिनेट विस्तार और बीजेपी प्रदेश कार्यकारिणी के स्वरूप को लेकर प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह, संगठन महामंत्री सुहास भगत सहित अन्य पदाधिकारियों की बैठक शुक्रवार को समाप्त हो गई. इस बैठक में तय हुआ कि शिवराज कैबिनेट के विस्तार से पहले भाजपा अपने प्रदेश कार्यकारिणी की घोषणा करेगी. मध्य प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा जल्द ही संगठन पदाधिकारियों की घोषणा कर सकते हैं. इसके बाद ही कैबिनेट विस्तार की संभावना है|
शिवराज सरकार में मंत्री बन चुके नेताओं की जगह प्रदेश भाजपा संगठन में नए चेहरों को शामिल किया जाएगा. इसमें युवाओं को तरजीह मिलेगी. साथ ही क्षेत्रीय और जातीय संतुलन साधने की कोशिश भी पार्टी द्वारा की जाएगी. भाजपा की इस बैठक में ज्योतिरादित्य सिंधिया समर्थक नेताओं को भी प्रदेश संगठन में पद देने पर चर्चा हुई. साथ ही उपचुनाव हारने वाले मंत्रियों को निगम मंडलों में एडजस्ट करने पर सहमति बनी है. कैबिनेट विस्तार पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चैहान शनिवार को भी भाजपा विधायकों और ज्योतिरादित्य सिंधिया समर्थक विधायकों के साथ चर्चा कर सहमति बनाने की कोशिश करेंगे|
यदि सहमति नहीं बन पायी तो कैबिनेट विस्तार एक हफ्ते के लिए टल जाएगा. आपको बता दें कि मध्य प्रदेश की कार्यकारी राज्यपाल आनंदीबेन पटेल शनिवार और रविवार को भोपाल में ही रहेंगी. वह 7 दिसंबर को बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व पहुंचेंगी. यहां एक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद वह 9 दिसंबर को वापस लखनऊ लौटेंगी. राज्यपाल के मध्य प्रदेश में रहते अगर सहमति बनती है तो शिवराज सिंह चैहान अपने कैबिनेट का विस्तार कर सकते हैं. हालांकि, इसके आसार कम ही नजर आ रहे हैं|
ये भी पढ़े :CM शिवराज ने दिया निर्देश एक अप्रैल 2021 से शुरू होंगी पहली से आठवीं तक की कक्षाएं
आपको बता दें कि मध्य प्रदेश सरकार में कुल 35 मंत्री हो सकते हैं. वर्तमान में शिवराज कैबिनेट में 28 मंत्री हैं, यानी 7 पद खाली हैं. अमूमन राज्य सरकार में 1 मंत्री पद खाली ही रखा जाता है. इस तरह 6 और मंत्री शिवराज कैबिनेट में शामिल हो सकते हैं. इन 6 मंत्रियों में सिंधिया खेमे से तुलसीराम सिलावट और गोविंद सिंह राजपूत का मंत्री बनना तय माना जा रहा है. बाकी 4 पदों के लिए भाजपा के साथ ही सिंधिया समर्थक विधायक अपना दावा पेश कर रहे हैं. इसी पर सहमति बननी है|
ये भी पढ़े :SDOP के ड्राइवर सहित 6 पुलिसकर्मी सस्पेंड , इस मामले में SP ने की कार्रवाई जानिए
Daily Update के लिए अभी डाउनलोड करे : MP samachar का मोबाइल एप
Recent Comments