23.1 C
Bhopal
Saturday, September 21, 2024

अमित शाह ने प्रदेश के दिग्गज नेताओं के साथ किया चुनावी मंथन, लिए ये फैसले

Must read

भोपाल। गृह मंत्री अमित शाह ने चुनाव की तैयारियों को लेकर भोपाल में बड़ी बैठक की। बैठक में चुनाव की रणनीति को लेकर की बारीकी से चर्चा की। शाह प्रदेश के दिग्गज नेताओं के साथ मंथन के बाद आधी रात को दिल्ली लौट गए।

चार माह बाद होने वाले मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने मंगलवार शाम को भोपाल में भाजपा की बड़ी बैठक की। शाह ने बैठक में विजय संकल्प अभियान की शुरुआत करने के निर्देश दिए। साथ ही चुनावी तैयारियों की सूक्ष्म समीक्षा की और चुनावी मुद्दों से लेकर रणनीति पर बारीकी से चर्चा की। शाह ने सभी नेताओं को एकजुट होकर चुनाव की तैयारी में जुटने को कहा। पार्टी ने कांग्रेस द्वारा किए जा रहे जीत के दावों को ध्वस्त करने के लिए विजय संकल्प के साथ मैदान में उतरने का फैसला किया।

भाजपा कोर कमेटी के साथ अमित शाह की बड़ी बैठक के बाद प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने मीडिया को बताया कि अमित शाह ने आगामी विधानसभा चुनाव में विजय की रणनीति के साथ पार्टी की तैयारियों पर गहराई से मंथन किया। उन्होंने बैठक में विजय संकल्प अभियान शुरू करने की बात कही। शर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव के लिए विजय संकल्प अभियान शुरू करेगी। इस अभियान में पार्टी पूरी ताकत के साथ जुटेगी। इसकी तारीखों की जानकार जल्द ही साझा की जाएगी।

बता दें, भाजपा अब विजय संकल्प यात्रा के माध्यम से लोगों तक पहुंचेगी और यह बताएगी कि 2023 के चुनाव के बाद भाजपा ही जीत रही है। केंद्रीय गृह मंत्री और मौजूदा भारतीय राजनीति में चाणक्य कहे जाने वाले अमित शाह ने रात 9 बजे से करीब 11.30 बजे तक भोपाल स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय में बैठक ली। करीब सवा दो-ढाई घंटे चली बैठक में शाह ने विधानसभा क्षेत्रों के फीडबैक के आधार पर नेताओं के साथ आगे की रणनीति बनाने के साथ कार्य करने को कहा।

अमित शाह भोपाल आने से पहले भोपाल आए केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मंत्री तुलसी सिलावट और गोविंद सिंह राजपूत के साथ राजभवन जाकर राज्यपाल मंगू भाई पटेल से मुलाकात की। इस मुलाकात के दौरान सिंधिया ने 14 जुलाई को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के ग्वालियर आगमन और सिंधिया पैलेस जाने के कार्यक्रम के मद्देनजर राज्यपाल को भी आने के लिए निमंत्रण दिया।

बैठक के लिए भोपाल आए केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुख्यमंत्री निवास पर सौजन्य भेंट की। मुख्यमंत्री ने अंगवस्त्र पहनाकर तोमर का स्वागत किया। मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री तोमर ने प्रदेश के विकास और किसानों के कल्याण से संबंधित योजनाओं और कार्यक्रमों पर चर्चा की। वहीं केंद्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल ने भी प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा से उनके निवास पहुंचकर मुलाकात की। इस मुलाकात के दौरान दोनों ही नेताओं के बीच राजनीतिक मामलों को लेकर चर्चा हुई। बैठक के बाद देर रात 12 बजे के बाद अमित शाह दिल्ली रवाना हो गए।

बैठक में ये नेता रहे मौजूद
-प्रदेश के नवनियुक्त चुनाव प्रभारी भूपेंद्र यादव व सह प्रभारी अश्विनी वैष्णव।
-केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, नरेंद्र सिंह तोमर, प्रहलाद पटेल, फग्गन सिंह कुलस्ते और भाजपा महासचिव कैलाश विजयवर्गीय
-प्रदेश भाजपा के प्रभारी मुरलीधर राव, सीएम शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा
-प्रदेश भाजपा के संगठन मंत्री हितानंद शर्मा के अलावा अजय जामवाल और नरोत्तम मिश्रा।

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest News

error: Content is protected !!