Anti Cancer Drinks: आजकल कैंसर के मामले पूरी दुनिया में तेजी से बढ़ रहे हैं। इसका सबसे बड़ा कारण हमारी खराब होती जीवनशैली मानी जा रही है। जैसे-जैसे लोग फास्ट फूड और प्रोसेस्ड चीजों की ओर बढ़ रहे हैं वैसे-वैसे शरीर बीमारियों का घर बनता जा रहा है। गलत खानपान, देर रात तक जागना, तनाव और फिजिकल एक्टिविटी की कमी ने इस बीमारी को आम बना दिया है। डॉक्टर्स का मानना है कि कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचने के लिए सबसे पहले हमें अपनी दिनचर्या और खानपान सुधारना होगा।
कैंसर से बचाने वाले एंटी-ऑक्सीडेंट्स और एंटी-इंफ्लेमेटरी चीजें
कैंसर को रोकने में एंटी-ऑक्सीडेंट्स और एंटी-इंफ्लेमेटरी चीजें बहुत असरदार मानी जाती हैं। ये शरीर के अंदर की सूजन को कम करती हैं और सेल्स को फ्री रेडिकल्स से बचाती हैं जो कैंसर की शुरुआत करते हैं। अगर हम रोजमर्रा के आहार में ऐसी चीजें शामिल करें जो हमारे शरीर की रक्षा करें तो कैंसर का खतरा काफी हद तक कम हो सकता है। डॉ. सौरभ सेठी, जो एक प्रसिद्ध गैस्ट्रोएन्ट्रोलॉजिस्ट हैं, उन्होंने हाल ही में इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा किया जिसमें उन्होंने तीन ऐसी ड्रिंक्स बताई हैं जो कैंसर से बचाव में बेहद असरदार हैं।
View this post on Instagram
ग्रीन टी – छोटी सी आदत बड़ा असर
डॉ. सेठी के अनुसार ग्रीन टी पीना कैंसर के खतरे को घटा सकता है। ग्रीन टी में मौजूद कैटेचिन और फ्लेवोनॉयड्स नाम के तत्व शरीर में मौजूद टॉक्सिन्स को खत्म करते हैं और कैंसर से लड़ने में मदद करते हैं। यह एक बेहतरीन एंटी-ऑक्सीडेंट ड्रिंक है जिसे रोजाना सुबह या दोपहर में पीना फायदेमंद हो सकता है। अगर आप दिन में 1–2 कप ग्रीन टी को अपनी दिनचर्या में शामिल कर लें तो यह लंबे समय में आपकी इम्युनिटी को भी मजबूत करेगा और कैंसर जैसी बीमारी से दूर रखेगा।
ग्रीन स्मूदी – हेल्दी भी और टेस्टी भी
अगर आपको कुछ हेल्दी और भरपूर पोषण वाला पीना है तो ग्रीन स्मूदी सबसे बेस्ट ऑप्शन है। पालक, काले, खीरा, अजवाइन और अदरक को मिलाकर तैयार की गई ग्रीन स्मूदी ना सिर्फ शरीर को डिटॉक्स करती है बल्कि शरीर में जमी सूजन को भी कम करती है। यह ड्रिंक विटामिन, फाइबर और मिनरल्स से भरपूर होती है और कैंसर के खतरे को कम करने में मदद करती है। दिन की शुरुआत इस स्मूदी से करना आपको तरोताजा भी रखेगा और सेहतमंद भी।
हल्दी लट्टे – दादी का नुस्खा बना सुपरफूड
हल्दी को भारतीय रसोई में सालों से एक औषधीय मसाले के रूप में इस्तेमाल किया जाता रहा है लेकिन अब इसका लट्टे यानी हल्दी दूध दुनियाभर में लोकप्रिय हो रहा है। हल्दी में करक्यूमिन नाम का तत्व पाया जाता है जो शरीर की सूजन कम करता है और कैंसर से लड़ने में सहायक है। हल्दी लट्टे बनाने के लिए बादाम दूध में एक चुटकी हल्दी और काली मिर्च मिलाकर गर्म करें और पिएं। यह ड्रिंक एंटी-ऑक्सीडेंट, एंटी-इंफ्लेमेटरी और एंटी-बैक्टीरियल गुणों से भरपूर है और नियमित सेवन से कैंसर के खतरे को घटा सकता है।


