Axiom-4 Mission: भारत के लिए ऐतिहासिक माने जा रहे Axiom-4 मिशन को एक बार फिर से टाल दिया गया है। इस मिशन में भारतीय अंतरिक्ष यात्री ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला को अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) भेजा जाना था। पहले इस मिशन की तारीख 29 मई रखी गई थी लेकिन अब तक छह बार इसकी लॉन्चिंग टाली जा चुकी है। ताजा अपडेट के अनुसार 22 जून को इसे लॉन्च किया जाना था लेकिन अब यह तारीख भी रद्द कर दी गई है। NASA की ओर से अब तक कोई नई तारीख घोषित नहीं की गई है। इस मिशन में कुल चार अंतरिक्ष यात्री शामिल हैं और सभी की निगाहें अब अगली संभावित तारीख पर टिकी हैं।
Axiom Space ने जानकारी दी है कि 22 जून को होने वाला Axiom Mission 4 अब निर्धारित समय पर लॉन्च नहीं होगा। NASA ने यह फैसला अंतरिक्ष स्टेशन के पिछले हिस्से में स्थित Zvezda सर्विस मॉड्यूल में हाल ही में किए गए रिपेयर वर्क के बाद लिया है। NASA ने कहा है कि अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन के जटिल और आपसी निर्भरता वाले सिस्टम्स को देखते हुए उन्हें कुछ और समय चाहिए ताकि डाटा की सही तरीके से समीक्षा हो सके। एजेंसी ये सुनिश्चित करना चाहती है कि स्पेस स्टेशन पूरी तरह से तैयार हो और उसमें अतिरिक्त क्रू मेंबर्स को समायोजित करने की पूरी क्षमता हो। यही कारण है कि इस मिशन की लॉन्चिंग को फिलहाल के लिए टाल दिया गया है।
.@NASA, @Axiom_Space, and @SpaceX continue reviewing launch opportunities for Axiom Mission 4. NASA is standing down from a launch on Sunday, June 22, and will target a new launch date in the coming days. https://t.co/GKAvaAd4UH
— International Space Station (@Space_Station) June 19, 2025
छठी बार टली उड़ान, खराब मौसम और तकनीकी कारणों ने बढ़ाई मुश्किलें
Axiom-4 मिशन को अब तक छह बार टाला जा चुका है। शुरुआत में 29 मई को लॉन्चिंग तय थी लेकिन पहले Falcon 9 रॉकेट की तैयारी में देरी हुई, फिर खराब मौसम ने अड़चन डाली। इसके बाद 8, 10, 11 और 19 जून की तारीखें सामने आईं जो फिर बदली गईं। 22 जून को इसे उड़ान भरनी थी लेकिन अब वो भी टल गई है। टेक्निकल फॉल्ट, लिक्विड ऑक्सीजन का लीकेज और स्पेस स्टेशन के मॉड्यूल में आई खराबियों के चलते हर बार मिशन आगे बढ़ता गया। अब तक की स्थिति को देखकर लगता है कि इस मिशन को लेकर NASA और Axiom Space दोनों ही बेहद सतर्कता बरत रहे हैं ताकि कोई भी खतरा ना रहे।
भारत, पोलैंड और हंगरी के लिए ऐतिहासिक होगा ये मिशन
Axiom Space के अनुसार Axiom-4 मिशन भारत, पोलैंड और हंगरी के लिए एक मील का पत्थर साबित होगा। इन तीनों देशों के लिए यह पहला मौका है जब उनका कोई सरकारी प्रायोजित अंतरिक्ष यात्री ISS की यात्रा करेगा। भारत की ओर से ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला इस मिशन का हिस्सा हैं और अगर सब कुछ योजना के अनुसार होता है तो वे राकेश शर्मा के बाद भारत के दूसरे अंतरिक्ष यात्री बनेंगे जिन्होंने अंतरिक्ष की यात्रा की होगी। 1984 में राकेश शर्मा ने इतिहास रचा था और अब 40 साल बाद एक बार फिर भारत के लिए मानवीय अंतरिक्ष उड़ान का नया अध्याय शुरू होने वाला है। NASA और भारत के बीच इस सहयोग को एक महत्वपूर्ण मोड़ के रूप में देखा जा रहा है।
Axiom Space ने यह भी स्पष्ट किया है कि स्वास्थ्य और सुरक्षा प्रोटोकॉल को ध्यान में रखते हुए सभी चारों यात्री फिलहाल फ्लोरिडा में क्वारंटीन में रहेंगे। इसमें भारत के शुभांशु शुक्ला के साथ पोलैंड और हंगरी के अंतरिक्ष यात्री भी शामिल हैं। मिशन की नई तारीख जल्द घोषित की जाएगी लेकिन तब तक सभी यात्री अपनी पूरी फिटनेस और तैयारी में जुटे रहेंगे। यह मिशन तीनों देशों के लिए एक प्रतीकात्मक ‘वापसी’ भी है क्योंकि पिछले चार दशकों से सरकारी स्तर पर कोई मानव अंतरिक्ष मिशन नहीं भेजा गया था। अब उम्मीद की जा रही है कि अगली बार जब तारीख घोषित होगी तो मिशन को सफलतापूर्वक लॉन्च किया जाएगा और भारत सहित बाकी देशों को अंतरिक्ष में एक नई सफलता मिलेगी।


