टीवी की दुनिया का सबसे प्रतिष्ठित शो ‘Kyunki Saas Bhi Kabhi Bahu Thi’ एक बार फिर दर्शकों के बीच लौटने को तैयार है। इस बार भी मेकर्स कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं और दर्शकों की पुरानी यादों को ताजा करने की पूरी तैयारी कर चुके हैं। स्मृति ईरानी और अमर उपाध्याय जैसे पुराने चेहरों को शो में वापस लाने के बाद अब खबर है कि मौनी रॉय और पुलकित सम्राट की भी इस शो में एंट्री हो सकती है।
मौनी रॉय और पुलकित सम्राट करेंगे कैमियो
टेलीचक्कर की रिपोर्ट के अनुसार, मौनी रॉय और पुलकित सम्राट शो में एक छोटा लेकिन यादगार कैमियो कर सकते हैं। जिन दर्शकों ने शो के पहले सीज़न को देखा है, उन्हें याद होगा कि मौनी ने कृष्णा तुलसी का किरदार निभाया था जबकि पुलकित सम्राट ने लक्ष्य वीरानी का किरदार निभाया था। यह दोनों किरदार दर्शकों के दिल में आज भी बसे हुए हैं। ऐसे में इनकी वापसी शो को और भी दिलचस्प बना सकती है।
&
View this post on Instagram
nbsp;
नए प्रोमो में दिखी नई कहानी की झलक
शो के पहले प्रोमो के बाद अब दूसरा प्रोमो 18 जुलाई को रिलीज किया गया है जिसमें कहानी के नए पड़ाव की झलक दिखाई गई है। प्रोमो में स्मृति ईरानी एक बार फिर तुलसी के रूप में नजर आईं जो दर्शकों के लिए किसी तोहफे से कम नहीं है। इस प्रोमो में नए ट्विस्ट्स और नए किरदारों की भी झलक मिली है जिससे साफ है कि शो की कहानी इस बार और भी इमोशनल और दिलचस्प होगी।
स्मृति ईरानी ने जताई भावनाएं
स्मृति ईरानी ने अपने इस कमबैक को लेकर बेहद भावुक बयान दिया है। उन्होंने कहा कि यह केवल एक किरदार की वापसी नहीं बल्कि उस कहानी में लौटना है जिसने भारतीय टेलीविजन की दिशा ही बदल दी थी। यह शो सिर्फ व्यवसायिक सफलता नहीं था बल्कि उनके जीवन का एक अहम हिस्सा भी था जिससे वे लाखों घरों से जुड़ गईं और एक पीढ़ी के दिलों में जगह बना ली।
करिश्मा तन्ना की भी हो सकती है एंट्री
खबरों की मानें तो करिश्मा तन्ना भी इस शो में कैमियो कर सकती हैं। हालांकि इस बारे में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है लेकिन अगर ऐसा होता है तो शो में नॉस्टेल्जिया का तड़का और भी ज्यादा गहरा हो जाएगा। अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि आखिर कब इस शो का नया अध्याय ऑनएयर होगा।


