17 फरवरी को नया मौसम का सिस्टम बनेगा, दो दिन में ठंड से राहत

Author Picture
By Desk Input Published On: February 15, 2025

भोपाल। वर्तमान में मध्य प्रदेश के मौसम को प्रभावित करने वाली कोई मौसम प्रणाली सक्रिय नहीं है। हवाओं का रुख भी पश्चिमी, उत्तर-पश्चिमी हो गया है। मौसम विज्ञानियों के अनुसार शनिवार से दिन और रात के तापमान में बढ़ोतरी शुरू होने के आसार हैं। दो दिन में रात का तापमान तीन डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। उधर शुक्रवार को सबसे कम 7.4 डिग्री सेल्सियस तापमान राजगढ़ में दर्ज किया गया।

हिल स्टेशन पचमढ़ी में रात का पारा 9.6 डिग्री सेल्सियस पर रहा। प्रदेश के आठ शहरों में रात का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से कम रहा।

दिन का सबसे अधिक 31.6 डिग्री सेल्सियस तापमान खरगोन में रिकार्ड किया गया। हवा का रुख भी पश्चिमी एवं उत्तर पश्चिमी बना हुआ है। इस वजह से अब तापमान बढ़ेगा।

मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि 17 फरवरी को एक नए पश्चिमी विक्षोभ के उत्तर भारत में पहुंचने की संभावना है।

उसके प्रभाव से 19 फरवरी से एक बार फिर तापमान में कुछ गिरावट होने के आसार हैं। इसके पहले दिन और रात के तापमान में तेजी आएगी।