भोपाल सांसद साध्वी प्रज्ञा को फोन कॉल पर मिली धमकी, धमकाने वाले ने कई BJP नेताओं को भी कहे अपशब्द

Author Picture
By MPSAMACHAR Published On: July 29, 2020
bhopal-pragya-singh-received-a-phone-call-threat

भोपाल :- भोपाल से सांसद साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर को फोन कॉल पर धमकी मिली है। प्रज्ञा ठाकुर ने बताया कि उन्हें एक अज्ञात फोन नंबर से कई बार कॉल करके धमकी दी गई। साध्वी प्रज्ञा को फोन पर धमकाने वाले ने राम मंदिर भूमि पूजन सहित कई मुद्दों का जिक्र किया। प्रज्ञा सिंह ठाकुर के मुताबिक धमकी देने वाले ने उनके अलावा भाजपा के कई बड़े नेताओं के लिए भी अभद्र भाषा का प्रयोग किया हैं।

इसके बाद भोपाल सांसद ने कमला नगर थाने में इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज करवा दी है। पुलिस ने साध्वी प्रज्ञा सिंह की शिकायत पर मामले की जांच शुरू कर दी है। आपको बता दें कि इससे पहले भी साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर के घर एक लिफाफा पोस्ट किया गया था, प्रज्ञा ने जब उस लिफाफे को खोला था तो संदिग्ध सफेद पाउडर का एक पैकेट और चिट्ठी मिली थी। जिस चिट्ठी में साध्वी प्रज्ञा को जान से मारने की धमकी दी गई थी। 

गौरतलब है कि साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर अपने अजीबो-गरीब बयानों के कारण अक्सर चर्चा में रहती हैं। उन्होंने हाल ही में एक बयान में कहा था कि 25 जुलाई से 5 अगस्त तक रोजाना शाम 7:00 बजे अपने घर में हनुमान चालीसा का पांच बार पाठ करें। कोरोना खत्म हो जाएगा। उनके इस बयान पर विपक्षी पार्टियों ने भाजपा को घेरा था और एक अवैज्ञानिक सोच वाली पार्टी होने का भी आरोप लगाया था।