BJP मंडल उपाध्‍यक्ष को पति ने मारी गोली, पति हुआ फरार

Author Picture
By Sharma Published On: June 27, 2023

भोपाल। राजधानी के नीलबड़ क्षेत्र में स्थित साई नगर कालोनी में सोमवार रात करीब 12 बजे भाजपा नेत्री की उसके पति ने 12 बोर की बंदूक से गोली मारकर हत्या कर दी। हत्या के बाद से आरोपित फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

 

 

पुलिस के अनुसार शव का पंचनामा बनाकर हमीदिया अस्पताल पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। हत्या का कारण शुरुआती जांच में आरोपित के शराब पीने की आदत को बताया जा रहा है। रातीबढ़ थाना पुलिस ने बताया कि साई नगर कालोनी में रहने वाली 55 वर्षीय शीला पांडे भारतीय जनता पार्टी की सक्रिय कार्यकर्ता थी और रातीबड़ मंडल की उपाध्यक्ष थी। महिला का पति राजेंद्र पांडे भी टीटीनगर मंडल का उपाध्यक्ष है। राजेंद्र पांडे और उनकी पत्नी के बीच शराब पीने को लेकर अक्सर विवाद होता था।

 

 

बताया जाता है पांडे सोमवार को दिन से ही शराब पी रहा था। रात में विवाद बढ़ा तो राजेंद्र ने अपनी बंदूक से पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी। हत्या के बाद वह फरार है। उसकी तलाश की जा रही है। मृतका के पड़ोसी बबलू भाई ने बताया कि राजेंद्र पांडे और शीला पांडे की दो बेटियां हैं। दोनों की शादी हो चुकी है। छोटी बेटी फिलहाल गर्भवती है तो वह अपने प्रसव के लिए मायके में आई थी। रात करीब नौ बजे से विवाद चल रहा था। रात में गोली की आवाज सुनकर घर से बाहर निकले तो पता चला कि राजेंद्र ने पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी है। हत्या के बाद से वह फरार है। आरोपित अपनी बंदूक से अक्सर फायर करता रहता था। जब उसने 12 बजे फायर किया तो उसे लगा कि हमेशा की तरह नशे में राजेंद्र पांडे हवा में गोली चला रहा होगा। वह एक पूर्व मंत्री का बेहद नजदीकी है।