भोपाल, इंदौर, सहित इन जिलों में बारिश, ओलावृष्टि के आसार

Author Picture
By Desk Input Published On: December 26, 2024

भोपाल। वर्ष के अंत में मौसम ने मिजाज बदला है। गुरुवार को उत्तर भारत में एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। इसके प्रभाव से 27 और 28 दिसंबर को प्रदेश के अधिकतर जिलों में वर्षा के आसार बन रहे हैं। भोपाल, इंदौर, नर्मदापुरम और जबलपुर जिलों में कई स्थानों पर ओलावृष्टि भी हो सकती है।

मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक, वर्तमान में उत्तर भारत के ऊपर जेट स्ट्रीम (12.6 किलोमीटर की ऊंचाई पर पश्चिम से पूर्व की तरफ 203 किमी. प्रति घंटा की रफ्तार से हवाओं का चलना) बना हुआ है।

बंगाल की खाड़ी में अति कम दबाव का क्षेत्र मौजूद है। पंजाब एवं उसके आसपास भी हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात बना हुआ है। उत्तर-पश्चिमी मध्य प्रदेश पर एक प्रेरित चक्रवात बना हुआ है।

इसके अतिरिक्त गुरुवार रात से एक शक्तिशाली पश्चिमी विक्षोभ भी उत्तर भारत में सक्रिय हो जाएगा।शुक्रवार से नए पश्चिमी विक्षोभ के असर से प्रदेश के अधिकतर जिलों में वर्षा का सिलसिला शुरू हो सकता है।

विशेषकर शनिवार-रविवार को भोपाल, इंदौर, नर्मदापुरम, जबलपुर संभाग के जिलों में गरज-चमक के साथ वर्षा होने के आसार हैं। इस दौरान कई क्षेत्रों में ओले भी गिर सकते है।

वर्षा का दौर खत्म होने के बाद कंपकंपाने वाली ठंड का एक नया दौर आने की संभावना बन रही है।

साढ़े चार डिग्री तक कम हुआ दिन का तापमान

हवाओं के साथ लगातार आ रही नमी के कारण लगभग पूरे प्रदेश में कोहरा एवं कुहासा बना हुआ है।

इसके चलते बुधवार को अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई।

राजधानी में अधिकतम तापमान 22.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

जो मंगलवार के दिन के तापमान 27 डिग्री की तुलना में 4.5 डिग्री कम रहा।