MP के कई जिलों में आज बारिश के आसार, मौसम विभाग का ये अलर्ट

Author Picture
By Desk Input Published On: March 16, 2025
MP weather

भोपाल। मध्य प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में तेज गर्मी के बीच बादल घेरने लगे हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, आज ग्वालियर, चंबल और उज्जैन संभाग में बारिश होने की संभावना है। इस दौरान उज्जैन, देवास, आगर-मालवा, मंदसौर, नीमच, रतलाम, शाजापुर, ग्वालियर, शिवपुरी, गुना, दतिया, अशोकनगर, भिंड, मुरैना और श्योपुर में कुछ इलाकों में बारिश हो सकती है।

नर्मदापुरम में सबसे ज्यादा तापमान

मध्य प्रदेश में गर्मी का असर बरकरार है। शनिवार को नर्मदापुरम में दिन का सबसे अधिक तापमान 39.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 6.3 डिग्री सेल्सियस अधिक था। वहीं, रात का सबसे कम तापमान मंडला में 15.2 डिग्री सेल्सियस रहा। हिल स्टेशन पचमढ़ी में रात का पारा 15 डिग्री सेल्सियस पर रहा।

भिंड के अटेर में हुई बारिश

पिछले 24 घंटों में, शनिवार सुबह 8:30 बजे तक भिंड के अटेर में 1 मिमी बारिश हुई। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, विभिन्न स्थानों पर बने मौसम प्रणालियों के प्रभाव से हवाओं में नमी आ रही है, जिसके कारण बादल बनने लगे हैं। रविवार को ग्वालियर, चंबल और उज्जैन संभाग में कुछ जगहों पर हल्की बारिश हो सकती है।

हवा के ऊपरी भाग में बना चक्रवात

मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी पाकिस्तान और जम्मू के ऊपर हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात के रूप में मौजूद है। इसके अलावा, उत्तर-पूर्वी राजस्थान और उससे सटे दक्षिणी हरियाणा के ऊपर भी हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात बना हुआ है।

मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि वर्तमान में हवाओं का रुख दक्षिणी है, जिससे नमी के साथ बादल बनने लगे हैं। इस कारण आज ग्वालियर, चंबल और उज्जैन संभाग में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है।

यह भी पढ़िए : मऊगंज में आदिवासियों का हिंसक हमला, ASI की मौत, कई पुलिसकर्मी घायल