MP को मिलेगी 11.5 हजार करोड़ की सौगात, केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी करेंगे 45 परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास

Author Picture
By MPSAMACHAR Published On: August 25, 2020
madhya-pradesh-will-get-11-5-thousand-crore-gift

भोपाल :- मध्य प्रदेश की लगभग 50 विधानसभा क्षेत्रों को प्रभावित करने वाली सड़क व पुल परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी करेंगे। कार्यक्रम वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सुबह 11:30 बजे शुरू होगा। इसकी अध्यक्षता प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान करेंगे। इसमें कुल 11 हजार 427 करोड़ रुपये की लागत वाली एक हजार 361 किलोमीटर लंबी 45 परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण होगा।

 

इसके साथ ही लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने बताया कि सभी परियोजनाएं राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़ी हैं। इसमें सड़कों का चौड़ीकरण, सुदृढ़ीकरण, नई सड़क और पुल शामिल हैं। कुछ परियोजनाओं का काम पूूरा हो चुका है, तो कुछ के लिए स्वीकृति संबंधी प्रशासकीय प्रक्रिया पूरी हो चुकी हैं। निर्माण एजेंसियों का चयन भी कर लिया है। वही सूत्रों का कहना है कि कार्यक्रम में ही अटल प्रोग्रेस-वे (चंबल प्रोग्रेस-वे) को राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित करने के साथ भारत माला परियोजना में शामिल करने की घोषणा भी हो सकती है।

 

शिलान्यास-लोकार्पण कार्यक्रम में केन्द्रीय मंत्री डॉ. थावरचंद गेहलोत, केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर, केन्द्रीय राज्य मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल, केन्द्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते, केन्द्रीय राज्य मंत्री डॉ. व्ही. के. सिंह सहित मध्यप्रदेश शासन के मंत्री, परियोजना क्षेत्र से जुड़े सांसद एवं विधायक भी शामिल होंगे।