मोहन कैबिनेट की पहली बैठक आज, इन प्रस्तावों को मिलेगी मंजूरी

Author Picture
By Desk Input Published On: January 7, 2025

भोपाल। मुख्यमंत्री मोहन यादव की अध्यक्षता में कैबिनेट की बैठक मंगलवार (7 जनवरी) को आयोजित होगी, जो सुबह 11 बजे मंत्रालय में शुरू होगी। इस बैठक में 2025 के पहले कैबिनेट सत्र में कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी मिल सकती है।

सूत्रों के अनुसार, इस बैठक में मुख्यमंत्री मोहन यादव अपने मंत्रियों से विभाग और योजनाओं के बारे में अपडेट ले सकते हैं। साथ ही, केंद्र सरकार की प्राथमिकताओं पर भी चर्चा की जा सकती है। गणतंत्र दिवस की तैयारियों को लेकर भी बैठक में चर्चा हो सकती है।

पिछली बैठक 27 दिसंबर को आयोजित हुई थी, जिसमें कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए थे। इसमें धान उत्पादक किसानों को 2,000 रुपये प्रति हेक्टेयर की प्रोत्साहन राशि देने का निर्णय लिया गया था। इसके अलावा, किसानों के लिए सौर ऊर्जा संयंत्र लगाने और 11 केवी बिजली फीडरों को सौर ऊर्जा से जोड़ने का भी निर्णय लिया गया था।

मुख्यमंत्री मोहन यादव जनसंवाद कार्यक्रम भी आयोजित करेंगे। इसमें उन व्यक्तियों से संवाद किया जाएगा जिनकी शिकायतें सीएम हेल्पलाइन पर लंबित हैं। शिकायतों का समाधान मौके पर किया जाएगा। इसके लिए एक पोर्टल भी तैयार किया जा रहा है, जिसमें कुछ लोग जनसंवाद के लिए मुख्यमंत्री आवास पर बुलाए जाएंगे। यह कार्यक्रम 13 जनवरी को आयोजित हो सकता है।

इसके अलावा, राजस्व महाअभियान के तहत ऐसे अटके मामलों का समाधान किया गया, जिससे लोगों को कामों के लिए भटकने की आवश्यकता न पड़े। मुख्यमंत्री ने सभी मंत्रियों और अधिकारियों को जनता से संपर्क बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।