MP के इन जिलों में बारिश की अलर्ट, बढ़ेगी कड़ाके की ठंड

Author Picture
By Desk Input Published On: January 12, 2025

भोपाल। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से हवाओं का रुख बदल गया है। हवाओं के साथ नमी आने की वजह से प्रदेश के अधिकतर शहरों में बादल छाने लगे हैं। इस वजह से कड़ाके की ठंड से कुछ राहत मिल गई है।

मौसम विज्ञानियों के अनुसार रविवार को ग्वालियर, चंबल, सागर, जबलपुर एवं नर्मदापुरम संभाग के जिलों में कहीं-कहीं वर्षा होने के भी आसार हैं। उधर, शनिवार को प्रदेश में रात का सबसे कम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस शहडोल के कल्याणपुर में रहा। भिंड, मुरैना, ग्वालियर, दतिया और निवाड़ी जिले में सुबह घना कोहरा रहा।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ मध्य पाकिस्तान और उसके आसपास हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात के रूप में बना हुआ है। इसके प्रभाव से पश्चिमी राजस्थान पर एक प्रेरित चक्रवात बन गया है। प्रेरित चक्रवात से लेकर अरब सागर तक एक द्रोणिका बनी हुई है। उत्तर भारत के ऊपर जेट स्ट्रीम बना हुआ है।

वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि अलग-अलग स्थानों पर बनी इन मौसम प्रणालियों के प्रभाव से निचले स्तर पर पूर्वी हवाएं चल रही हैं, जबकि ऊपरी स्तर पर पश्चिमी हवा चल रही हैं। इस वजह से प्रदेश के अधिकतर जिलों में बादल छा गए हैं।

रविवार को ग्वालियर, चंबल, सागर, जबलपुर एवं नर्मदापुरम संभाग के जिलों में वर्षा होने के भी आसार हैं। सोमवार को भी मौसम का मिजाज इसी तरह बना रह सकता है। 14 जनवरी को एक नए पश्चिमी विक्षोभ के उत्तर भारत में आने की संभावना है।