MP में तूफान बरपाएगा कहर, रीवा जबलपुर सहित 17 जिलों में बारिश का अलर्ट

Author Picture
By Desk Input Published On: October 25, 2024

भोपाल। उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में अति तीव्र चक्रवाती तूफान दाना बन गया है। इसके पश्चिमी दिशा में आगे बढ़ते हुए शुक्रवार सुबह तक सागर आयरलैंड के पास टकराने की संभावना है।

मौसम विज्ञानियों के मुताबिक दाना के प्रभाव से प्रदेश में बादल छा सकते हैं। इसके साथ ही पूर्वी मप्र में जबलपुर, रीवा, शहडोल संभाग के जिलों कहीं-कहीं बारिश भी हो सकती है। उधर हवाओं का रुख उत्तरी एवं उत्तर-पश्चिमी होने के कारण गुरुवार को प्रदेश के अधिकतर जिलों में दिन और रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई। प्रदेश में सबसे अधिक 34 डिग्री सेल्सियस तापमान ग्वालियर में दर्ज किया गया। 20 शहरों में रात का तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से कम रिकार्ड हुआ।

मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार तूफान दाना वर्तमान में उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी में स्थित है। इसके शुक्रवार सुबह ओडिशा के पुरी और पश्चिम बंगाल के सागर आयरलैंड के मध्य में तट से टकराने की संभावना है।

मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्व वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि तूफान दाना का असर शुक्रवार से ही पूर्वी मप्र में दिख सकता है। इसके प्रभाव से बादल छाने लगेंगे। इसके साथ ही रीवा, जबलपुर, शहहोल संभाग के जिलों में कहीं-कहीं बारिश भी हो सकती है।

 

उधर, वर्तमान में अन्य किसी मौसम प्रणाली के सक्रिय न रहने और हवाओं का रुख उत्तरी एवं उत्तर-पश्चिमी हो जाने से प्रदेश में रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। बादल छाने से रात के तापमान में कुछ बढ़ोतरी भी हो सकती है।