भोपाल। जम्मू कश्मीर से आ रही सर्द हवाओं का असर अब खत्म हो गया है, और आज शनिवार से मध्य प्रदेश के मौसम में बदलाव शुरू हो जाएगा। 8-9 मार्च से तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिलेगी। रविवार को पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालय क्षेत्र को प्रभावित करेगा, जिससे दिन और रात में गर्मी का एहसास होगा। फिलहाल, बारिश और बादल की संभावना नहीं है।
मध्य प्रदेश मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार से प्रदेश के तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है। रविवार 9 मार्च को पश्चिमी विक्षोभ का असर प्रदेश के मौसम पर दिख सकता है। 15 मार्च के बाद, गर्मी और बढ़ सकती है, लेकिन फिलहाल बारिश की संभावना नहीं है, हालांकि तीसरे और चौथे सप्ताह में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है।
मध्य प्रदेश मौसम विभाग का पूर्वानुमान
मौसम विभाग के अनुसार, मार्च के अंत तक प्रदेश का अधिकतम तापमान 33-35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16-18 डिग्री के बीच रह सकता है। आगामी दिनों में मौसम का मिजाज पश्चिमी विक्षोभों के सक्रिय होने पर निर्भर करेगा। यदि पश्चिमी विक्षोभ कमजोर रहा, तो तापमान बढ़ेगा। अगले दो दिन पूरी तरह से शुष्क रहेंगे, और न तो बूंदाबांदी की संभावना है, न ही बादल होंगे।
पिछले 24 घंटे का मौसम
पिछले 24 घंटे में जबलपुर का न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री दर्ज किया गया। भोपाल में 10.5 डिग्री, उज्जैन में 11 डिग्री, ग्वालियर में 11.8 डिग्री और इंदौर में 13 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। शहडोल के कल्याणपुर में 6.2 डिग्री, शाजापुर के गिरवर में 7.9 डिग्री, नौगांव, उमरिया और पचमढ़ी में 8 डिग्री, मंडला में 8.3 डिग्री, मलाजखंड में 8.5 डिग्री, जबलपुर में 9.4 डिग्री, भोपाल में 10.5 डिग्री, इंदौर में 13 डिग्री, ग्वालियर में 11.8 डिग्री और उज्जैन में 11 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।
यह भी पढ़िए : गैस की समस्या से राहत पाने के लिए इन फलों से रखें दूरी