MP में कर्मचारियों के लिए बड़ी खुशखबरी, जल्द मिलेगी बढ़े DA की एरियर राशि

भोपाल। मध्यप्रदेश के सरकारी कर्मचारियों के लिए अच्छी खबर है। जल्द ही कर्मचारियों को DA के एरियर की राशि मिलने वाली है। सरकार ने सभी ट्रेजरी अफसरों को जल्द भुगतान कराने के निर्देश दिए हैं।

मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में गुरुवार को सरकारी कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर बड़ा आंदोलन किया था। अधिकारी-कर्मचारी संयुक्त मोर्चा के नेतृत्व में कर्मचारियों ने सतपुड़ा भवन के सामने प्रदर्शन किया और मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव के नाम ज्ञापन सौंपा। भोपाल जिला मोर्चा के अध्यक्ष उमाशंकर तिवारी ने बताया था कि मोर्चा ने लगभग सभी वर्गों के कर्मचारियों की मांगों को शामिल किया है, जिनके समर्थन में कर्मचारी सड़कों पर उतरे। ये प्रदर्शन सरकार को चेतावनी देने के लिए किया गया था। कर्मचारी लंबे समय से बढ़े DA की एरियर की राशि का भुगतान नहीं होने से नाराज थे।

मध्यप्रदेश सरकार ने दिवाली से पहले बढ़ाया था DA

पिछले साल दिवाली से पहले मध्यप्रदेश सरकार ने लाखों सरकारी कर्मचारियों को बड़ा तोहफा दिया था। राज्य सरकार ने महंगाई भत्ता 4 फीसदी बढ़ा दिया था। इसके बाद DA की राशि 46 प्रतिशत से बढ़कर 50 प्रतिशत हो गई। नई दरें जनवरी 2024 से लागू की गईं।

4 किस्तों में मिलनी थी बढ़े एरियर की राशि

मध्यप्रदेश सरकार के आदेश के मुताबिक कर्मचारियों को 4 समान किस्तों में जनवरी से सितंबर के एरियर की राशि का भुगतान होना था। ये एरियर दिसंबर 2024 और जनवरी, फरवरी और मार्च 2025 में दिया जाना था। जो कर्मचारी रिटायर हो चुके हैं या जिनकी मृत्यु हो चुकी हैं, उनके परिजन को एरियर की राशि एकमुश्त दी जानी थी।

पहली किस्त जारी नहीं होने पर कर्मचारी नाराज

मध्यप्रदेश के कर्मचारियों को पहली किस्त दिसंबर और दूसरी किस्त जनवरी में जारी होनी थी। लेकिन अब तक पहली किस्त ही जारी नहीं की गई, इससे कर्मचारियों में नाराजगी बढ़ने लगी थी। सरकारी कर्मचारियों ने जिलेवार अपनी मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन करने मन बना लिया। भोपाल में गुरुवार को प्रदर्शन भी किया गया था। अब मध्यप्रदेश सरकार ने कर्मचारियों को जल्द ही बढ़े एरियर की राशि का भुगतान करने का आदेश दिया है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

error: Content is protected !!