Priyanka Chopra आज 43 साल की हो गई हैं और इस खास मौके पर दुनियाभर से उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं मिल रही हैं। बॉलीवुड से लेकर हॉलीवुड तक प्रियंका ने अपनी अलग पहचान बनाई है। सोशल मीडिया पर फैन्स ने भी उन्हें ढेर सारी शुभकामनाएं दी हैं। प्रियंका उन गिनी-चुनी अभिनेत्रियों में से हैं जिन्होंने भारत में सफलता हासिल करने के बाद विदेशी जमीन पर भी अपनी प्रतिभा का परचम लहराया है। आज उन्हें एक अंतरराष्ट्रीय आइकन के रूप में देखा जाता है।
मिस वर्ल्ड बनने के साथ चमका सितारा
साल 2000 में प्रियंका चोपड़ा ने मिस वर्ल्ड का खिताब जीतकर सबका ध्यान अपनी ओर खींचा। इसके बाद उन्होंने बॉलीवुड में कदम रखा और कई हिट फिल्मों में काम किया। साल 2004 में फिल्म ‘ऐतराज़’ में उनके निगेटिव किरदार को काफी सराहा गया। 2008 में फिल्म ‘फैशन’ के लिए उन्हें राष्ट्रीय पुरस्कार मिला। इसके अलावा वह पांच फिल्मफेयर अवार्ड भी जीत चुकी हैं। बहुत कम लोग जानते हैं कि प्रियंका ने हॉलीवुड में करियर बनाने के लिए लॉस एंजेलेस से एक एजेंट रखा था जिसने उन्हें वहां तैयार किया।
View this post on Instagram
हॉलीवुड की ओर पहला कदम: म्यूजिक एल्बम से शुरुआत
साल 2012 में प्रियंका ने अपने पहले अंतरराष्ट्रीय म्यूजिक एल्बम ‘इन माय सिटी’ से हॉलीवुड में कदम रखा। यह उनका सिंगिंग डेब्यू भी था। इसके बाद 2013 में उन्होंने पॉप सिंगर पिटबुल के साथ ‘एक्जॉटिक’ गाना किया जिसने उन्हें ग्लोबल पहचान दिलाई। उन्होंने डिज्नी की एनिमेटेड फिल्म ‘प्लेन्स’ में ‘इशानी’ नाम के किरदार को अपनी आवाज भी दी थी।
क्वांटिको से हॉलीवुड में धमाकेदार एंट्री
साल 2015 में प्रियंका ने अमेरिकन टीवी सीरीज ‘क्वांटिको’ में एलेक्स पैरिश का किरदार निभाकर इतिहास रच दिया। वह इस शो की मुख्य भूमिका में थीं और इस तरह वह अमेरिकन टीवी शो में लीड रोल करने वाली पहली साउथ एशियन अभिनेत्री बन गईं। इसके लिए उन्हें 2016 में पीपल्स चॉइस अवॉर्ड भी मिला। उसी साल भारत सरकार ने उन्हें ‘पद्म श्री’ सम्मान से नवाजा।
हॉलीवुड फिल्मों में बनी प्रियंका की अलग पहचान
क्वांटिको के बाद प्रियंका को कई हॉलीवुड फिल्मों के ऑफर मिले। उन्होंने ‘बेवॉच’ में ड्वेन जॉनसन और जैक एफ्रॉन के साथ स्क्रीन साझा की और विलेन का रोल निभाया। इसके बाद फिल्म ‘इज़न्ट इट रोमांटिक’ में इज़ाबेल का किरदार निभाया। 2021 में वह ‘द मैट्रिक्स रिसररेक्शन्स’ में ‘सती’ के किरदार में नजर आईं। इसके अलावा ‘अ किड लाइक जेक’ में भी उन्होंने छोटी भूमिका निभाई जिसमें उनके पति की भूमिका आसिफ मांडवी ने निभाई।


