नींद का झोंका आने से बेकाबू होकर पलटी कार, पति की मौत, पत्नी घायल

Author Picture
By Sharma Published On: February 10, 2023

हरदा। आज शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे के पास हुए एक सड़क हादसे में एक दंपती हादसे का शिकार हो गए। जिसमें पति की घटना स्थल पर ही मौत हो गई है। वहीं पत्नी के दोनों हाथ और पैरों में चोटें आई है। जिन्हें उपचार के लिए एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के मुताबिक शहर के जिला पंचायत भवन के पीछे रहने वाले दिलीप पिता बालकृष्ण पाटिल उम्र करीब 46 साल व उनकी पत्नी रश्मि पाटिल ग्राम सोमगांव में अपनी रिश्तेदारी में एक शादी समारोह में शामिल होने के बाद हरदा लौट रहे थे। इस दौरान सुबह करीब पांच बजे के आसपास ग्राम डगावाशंकर के पास दिलीप को नींद का झोंका आया और कार बेकाबू होकर मांचक नदी के पुल को पार करने को दौरान नीचे आकर पलट गई। जिसमें घटना स्थल पर कार चला रहे दिलीप पाटिल की मौके पर ही अंदरुनी चोटें लगने से मौत हो गई। वहीं उनकी पत्नी रश्मि पाटिल के दोनों हाथों और पैरों में चोट लगी है, जिन्हें ग्रामीणों की मदद से हरदा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनका उपचार जारी है।

 

मृतक का एक बेटा ओर बेटी है। शव का जिला अस्पताल में पीएम किया जा रहा है। दुर्घटना के बाद से पूरा परिवार सदमे हैं। माता-पिता पर अपने बड़े बेटे की अचानक हुई मौत से दुख का पहाड़ टूट पड़ा है।