MP के इन जिलों में बारिश के आसार, जोरदार ठंड के लिए करना होगा इंतजार

भोपाल। मध्य प्रदेश में फिलहाल ठंड के लिए इंतजार करना पड़ेगा। दो वेदर सिस्टम से हवाओं का रुख बदला हुआ है। नतीजतन ठंड गायब है। अगले कुछ दिनों तक मौसम ऐसा ही बना रहेगा। 7 नवंबर के बाद स्थितियां बदलेंगी। कुछ हिस्सों में बारिश होने की संभावना बन रही हैं। प्रदेश में अधिकतम तापमान 36 डिग्री पर पहुंच गया है। वहीं रात का पारा साढ़े 11 डिग्री के आसपास बना हुआ है।

 

मौसम विभाग के आंकड़ों की बात करें तो प्रदेश में सबसे गर्म सीधी रहा, यहां का तापमान 36 डिग्री दर्ज किया गया। बीते 24 घंटे में यहां का पारा साढ़े पांच डिग्री तक उछला है। राजगढ़ में 34.6, दमोह में 34.2, नौगांव-ग्वालियर में 33.7, उज्जैन में 33.5, गुना में 33.4, रतलाम में 33.2, खंडवा में 33.1, खरगोन-शिवपुरी में 33 डिग्री अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। प्रदेश में फिलहाल ठंड का जोर नहीं है, सुबह-शाम ठंड का अहसास हो रहा है। प्रदेश में सबसे ठंडा पचमढ़ी रहा। यहां का तापमान 11.4 डिग्री रहा। मंडला में 11.6, खरगोन में 11.8, रायसेन-नौगांव में 13, बैतूल में 13.2, छिंदवाड़ा में 13.4, उमरिया में 13.8, खंडवा में 14 डिग्री न्यूनतम तापमान रहा।

 

मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में एक प्रति चक्रवात एक्टिव हुआ है। वहीं उत्तर भारत के आसपास एक पश्चिमी विक्षोभ ट्रफ के रूप में मौजूद है। इन दो सिस्टम के कारण हवाओं का रुख बदलने लगा है। पश्चिमी विक्षोभ के आगे बढ़ने के बाद मध्य प्रदेश में रात के तापमान में गिरावट होने लगेगी। जानकार बता रहे कि चार नवंबर को एक तीव्र आवृत्ति वाला पश्चिमी विक्षोभ भी उत्तर भारत को प्रभावित करने लगेगा। इस वजह से फिलहाल रात के तापमान में गिरावट नहीं होगी। छह-सात नवंबर को मध्य प्रदेश में बादल छाने की संभावना है। इस दौरान ग्वालियर चंबल संभागों के जिलों में कहीं-कहीं वर्षा भी हो सकती है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

error: Content is protected !!