Ahmedabad plane crash पर नागरिक उड्डयन मंत्री का बयान! अंतिम रिपोर्ट के बाद ही सच सामने आएगा

Ahmedabad plane crash: केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने अहमदाबाद में हुई विमान दुर्घटना को लेकर स्पष्ट किया कि अभी जो 15 पन्नों की प्रारंभिक रिपोर्ट एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (AAIB) ने दी है, वह अंतिम नहीं है। उन्होंने कहा कि मंत्रालय इस रिपोर्ट का विश्लेषण कर रहा है और अंतिम रिपोर्ट आने के बाद ही असल कारणों पर कोई ठोस टिप्पणी की जाएगी।

 पारदर्शी तरीके से हो रही है जांच, सरकार AAIB के साथ मिलकर काम कर रही है

राम मोहन नायडू ने कहा कि इस दुखद हादसे की जांच पूरी पारदर्शिता के साथ की जा रही है। उन्होंने भरोसा जताया कि AAIB, जो एक स्वतंत्र जांच एजेंसी है, निष्पक्ष रूप से काम कर रही है। मंत्रालय जांच में सहयोग कर रहा है और जहां भी जरूरत होगी वहां मदद देने को तैयार है।

पायलट और क्रू हमारे उड्डयन क्षेत्र की रीढ़ हैं

मंत्री ने अपने बयान में कहा कि भारत के पायलट और क्रू दुनिया के सबसे अच्छे कर्मचारियों में से हैं। उन्होंने कहा कि हमें अपनी टीम पर पूरा भरोसा है और ये हादसा दुर्भाग्यपूर्ण है लेकिन इससे हमारी मेहनती टीम की योग्यता पर सवाल नहीं उठाए जा सकते। उन्होंने उम्मीद जताई कि अंतिम रिपोर्ट जल्दी सामने आएगी और उससे सच्चाई स्पष्ट होगी।

हादसे की जानकारी: कैसे हुआ ये दिल दहला देने वाला मंजर

12 जून की दोपहर अहमदाबाद एयरपोर्ट से लंदन के लिए रवाना हुई एयर इंडिया फ्लाइट 171 टेकऑफ के कुछ ही मिनटों में हादसे का शिकार हो गई। यह विमान मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल से टकरा गया। इस भयानक दुर्घटना में विमान में सवार 242 में से 241 लोग मारे गए। इसके अलावा हॉस्टल में मौजूद लोग भी हादसे का शिकार हुए। कुल मिलाकर 250 से अधिक लोगों की मौत हुई।

नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोळ ने भी कहा कि यह अभी प्रारंभिक रिपोर्ट है और जांच जारी है। उन्होंने AAIB की सराहना की और कहा कि यह एक स्वायत्त संस्था है जो पूरी ईमानदारी से अपना काम कर रही है। अंतिम रिपोर्ट आने के बाद ही सरकार ठोस कदम उठाएगी और यदि किसी स्तर पर लापरवाही पाई गई तो उस पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

लेटेस्ट न्यूज़
- Advertisment -

धार्मिक

error: Content is protected !!