Gmail यूजर्स के लिए बड़ी खुशखबरी है। अब करोड़ों लोगों को इनबॉक्स फुल होने की चिंता नहीं करनी पड़ेगी। गूगल ने Gmail में एक नया “Manage Subscription” फीचर लॉन्च कर दिया है। इसकी मदद से यूजर्स एक ही क्लिक में सभी प्रमोशनल ईमेल्स को अनसब्सक्राइब कर सकते हैं। इससे न केवल इनबॉक्स साफ रहेगा बल्कि स्टोरेज भी जल्दी फुल नहीं होगा।
अब प्रमोशनल मेल्स नहीं बनाएंगे इनबॉक्स का कबाड़
गूगल ने जानकारी दी कि Gmail हमेशा से अवांछित ईमेल्स को इनबॉक्स से दूर रखने पर काम करता रहा है। अब नया फीचर इस प्रयास को और बेहतर बना देगा। सिर्फ एक क्लिक से आप उन सभी प्रमोशनल मेल्स से छुटकारा पा सकते हैं जो हर दिन इनबॉक्स में जमा होते रहते हैं। यह फीचर Gmail के वेब, एंड्रॉयड और iOS तीनों प्लेटफॉर्म्स पर एक साथ लॉन्च किया गया है।

कहां मिलेगा यह नया विकल्प? जानिए स्टेप बाय स्टेप
Gmail में “Manage Subscription” फीचर साइड मेन्यू में मिलेगा। यह ट्रैश ऑप्शन के नीचे मौजूद रहेगा। इस फीचर में यूजर्स को उनके सभी एक्टिव सब्सक्रिप्शन, न्यूज़लेटर्स, डील अलर्ट्स आदि की एक सूची मिलेगी। यहां से वे यह तय कर सकेंगे कि कौन से मेल्स उन्हें नहीं चाहिए। हर एक सब्सक्रिप्शन के साथ “Unsubscribe” बटन होगा जिस पर क्लिक करके तुरंत उस भेजने वाले से छुटकारा पाया जा सकता है।
Gmail खुद बताएगा कौन भेज रहा ज्यादा मेल
इस नए फीचर की सबसे खास बात यह है कि यह यूजर्स को यह भी दिखाएगा कि बीते कुछ हफ्तों में किसी खास सेंडर ने कितने प्रमोशनल ईमेल भेजे हैं। इससे यह तय करना और आसान हो जाएगा कि किस सेंडर से मेल बंद करवाना है। जैसे ही यूजर “Unsubscribe” पर क्लिक करेगा, Google उस सेंडर को सूचित करेगा और उसे मेल भेजने से रोक देगा।
डिजिटल सफाई अब खुद Gmail करेगा
अब Gmail यूजर्स को हर दिन मेल खोल-खोलकर डिलीट करने की जरूरत नहीं है। यह नया फीचर आपके इनबॉक्स को ऑटोमैटिक तरीके से मैनेज करने में मदद करेगा। इससे न सिर्फ समय बचेगा बल्कि स्टोरेज भी फालतू मेल्स से भरने से बचेगा। डिजिटल क्लीनिंग का यह तरीका खासतौर पर उन लोगों के लिए फायदेमंद है जो रोजाना सैकड़ों ईमेल्स से जूझते हैं।


