MP के कुछ इलाकों में छाए रहेंगे बादल ,बूंदाबांदी पड़ने के भी आसार

भोपाल। बंगाल की खाड़ी से आ रही नम हवाओं के कारण मध्य प्रदेश में मौसम का मिजाज एक बार फिर बिगड़ गया है। इसके चलते राजधानी भोपाल सहित प्रदेश के अनेक जिलों में बादल छा रहे हैं। कहीं-कहीं बौछारें भी पड़ रही हैं। इसी क्रम में बुधवार को राजधानी में गरज-चमक के साथ चार मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक आज भी भोपाल में बौछारें पड़ सकती हैं। इसके अलावा अनूपपुर, डिंडोरी, मंडला, सिवनी, बालाघाट, गुना, ग्वालियर, अशोक नगर, श्‍योपुर, उज्जैन, इंदौर, शाजापुर, देवास जिलों में भी गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। हालांकि आज अधिकतम तापमान में भी कुछ इजाफा होने की संभावना है। यानी हौले-हौले गर्मी बढ़ेगी।

मौसम विज्ञान केंद्र से‍ मिली जानकारी के मुताबिक बुधवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 37.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस कम रहा। साथ ही मंगलवार के अधिकतम तापमान (40.7 डिग्री सेल्सियस) की तुलना में 3.2 डिग्री कम रहा। प्रदेश में सबसे अधिक तापमान 40 डिग्री सेल्सियस खजुराहो, मंडला और खरगोन में दर्ज किया गया।

मौसम विशेषज्ञ अजय शुक्ला ने बताया कि वर्तमान मे एक पश्चिमी विक्षोभ जम्मू-कश्मीर में मौजूद है। पंजाब और उसके आसपास एक ऊपरी हवा का चक्रवात बना हुआ है। दक्षिण-पश्चिम राजस्थान पर एक प्रेरित चक्रवात मौजूद है। इसके अतिरिक्त अफगानिस्तान और उससे लगे पाकिस्तान भी एक पश्चिमी विक्षोभ बना है। इन चार सिस्टम के सक्रिय होने के कारण मौसम का मिजाज गड़बड़ा रहा है। बुधवार को दक्षिण-पूर्वी हवाएं चलने के कारण बंगाल की खाड़ी से नमी मिलने के कारण सुबह से ही बादल छाने लगे थे। दोपहर बाद भोपाल सहित कुछ जिलों में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ीं। शुक्ला के मुताबिक गुरुवार को भी आंशिक बादल मौजूद रहेंगे, लेकिन अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी होगी।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

error: Content is protected !!