भोपाल। मध्यप्रदेश पुलिस की मेजबानी में 24वीं अखिल भारतीय पुलिस वॉटर स्पोर्ट्स प्रतियोगिता का आयोजन 17 से 21 फरवरी तक भोपाल में हो रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार (17 फरवरी) को बड़े तालाब के बोट क्लब में इस प्रतियोगिता का उद्घाटन किया।
इस मौके पर मुख्यमंत्री यादव ने कहा कि पुलिस बल नागरिकों की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ खेलों में भी अपनी विशेष पहचान बना रहा है। उन्होंने कहा, “पुलिस बल में शामिल सदस्य अपनी सेवा के दौरान हमेशा ‘जवान’ ही कहलाते हैं। कई पुलिसकर्मियों ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा से देश का नाम रोशन किया है।
मध्यप्रदेश बाघों और घड़ियालों का राज्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश वन्यजीव संरक्षण में देशभर में अग्रणी है। बाघों की सबसे अधिक संख्या यहीं है, अब राज्य में चीते भी आ चुके हैं और घड़ियालों की संख्या भी सबसे ज्यादा है।
उन्होंने कहा, पंच महाभूतों में जल का विशेष महत्व है, क्योंकि जीवन की उत्पत्ति जल से होती है। भोपाल के ऐतिहासिक बड़े तालाब में इस अखिल भारतीय प्रतियोगिता का आयोजन प्रदेश के लिए गर्व की बात है।
बड़ा तालाब एक ऐतिहासिक धरोहर
सीएम यादव ने भोपाल के बड़े तालाब की ऐतिहासिक विरासत का जिक्र करते हुए कहा, “यह तालाब एक हजार साल से अधिक पुराना है, लेकिन आज जवानों के साहस और पराक्रम से यह जीवंत हो उठा है। यह तालाब किसी समुद्र से कम नहीं है।
557 खिलाड़ी ले रहे हैं हिस्सा
पांच दिन तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में कयाकिंग, केनोइंग और रोइंग जैसी स्पर्धाएं होंगी। इसमें केंद्रीय बलों सहित 22 राज्यों की पुलिस और अर्द्धसैनिक बलों की 557 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं, जिनमें 123 महिला खिलाड़ी भी शामिल हैं।
छठी बार मध्यप्रदेश में आयोजन
मध्यप्रदेश पुलिस की मेजबानी में यह प्रतियोगिता छठी बार आयोजित की जा रही है। इससे पहले 2005, 2007, 2013, 2017 और 2019 में भी सफल आयोजन हो चुका है। प्रतियोगिता की जिम्मेदारी अखिल भारतीय पुलिस वॉटर स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड ने मध्यप्रदेश पुलिस को सौंपी है।


