ग्वालियर। कूनो नेशनल पार्क में 5 वर्षीय मादा चीता वीरा ने मंगलवार को दो शावकों को जन्म दिया, जिससे पार्क में चीता शावकों की कुल संख्या 14 हो गई है। वर्तमान में पार्क में 12 व्यस्क चीतों सहित कुल 26 चीते मौजूद हैं।
मॉनिटरिंग टीम ने की पुष्टि
मंगलवार तड़के पार्क की मॉनिटरिंग टीम ने वीरा के बाड़े का निरीक्षण किया, जहां वह अपने दो शावकों के साथ नजर आई। टीम ने आसपास का क्षेत्र जांचकर दोनों शावकों के जन्म की पुष्टि की। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस खबर को सोशल मीडिया पर साझा किया।
चौथी मादा चीता बनी मां
पिछले साल अक्टूबर में वीरा के गर्भवती होने की खबर आई थी, जिसे बाद में गलत पाया गया। अब ज्वाला, आशा और गामिनी के बाद वीरा चौथी मादा चीता बन गई है, जिसने कूनो में शावकों को जन्म दिया है।
मुख्यमंत्री का कूनो दौरा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बुधवार को कूनो नेशनल पार्क का दौरा करेंगे। वे चीता प्रोजेक्ट की समीक्षा करेंगे और शावकों के स्वास्थ्य की जानकारी लेंगे। इस दौरान वे दो साल से बाड़े में रह रहे 5 चीतों को खुले जंगल में छोड़ेंगे।
पर्यटकों को चीतों को देखने का मौका
हाल ही में कूनो में केवल दो चीतों को जंगल में छोड़ा गया था, जो अब पार्क की सीमा से बाहर हैं। मुख्यमंत्री के दौरे के बाद 7 चीतों को जंगल में छोड़ा जाएगा, जिससे पर्यटक उन्हें देख सकेंगे। छोड़े जाने वाले चीतों में पावक, प्रभाष और दो मादा चीते शामिल हैं।
मुख्यमंत्री का कार्यक्रम
– 5 फरवरी दोपहर 12.50 बजे भोपाल से ग्वालियर के लिए उड़ान
-1.35 बजे ग्वालियर एयरपोर्ट पहुंचेंगे
-1.40 बजे हेलीकॉप्टर से कूनो नेशनल पार्क रवाना
-चीतों की रिलीज सांकेतिक रूप से कुछ चीतों को मुक्त करेंगे, इसके बाद पार्क प्रबंधन बाकी चीतों को एक-एक करके जंगल में छोड़ेगा।
कूनो में चीता शावकों का जन्म (अब तक)
– 27 मार्च 2023 नामीबिया से आई मादा चीता ने 4 शावकों को जन्म दिया (तीन की मौत, एक जीवित)।
– 3 जनवरी 2024 मादा चीता आशा ने 3 शावकों को जन्म दिया।
-23 जनवरी 2024 मादा चीता ज्वाला ने 3 शावकों को जन्म दिया।
-10 मार्च 2024 मादा चीता गामिनी ने 6 शावकों को जन्म दिया (दो की मौत)।
– 24-25 नवंबर 2024 मादा चीता निर्वा ने 2 शावकों को जन्म दिया।
– 4 फरवरी 2025 मादा चीता वीरा ने 2 शावकों को जन्म दिया।
कूनो में चीतों की बढ़ती संख्या वन्यजीव संरक्षण के लिए एक सकारात्मक संकेत है, जिससे जैव विविधता को बढ़ावा मिलेगा।