Saturday, April 19, 2025

कांग्रेस ने लांच की नारी सम्‍मान योजना, कांग्रेस इस योजना से महिलाओं को मिलेगा लाभ

भोपाल। विधानसभा चुनाव से पूर्व खासकर महिला मतदाताओं को लुभाने के लिए दोनों प्रमुख राजनीतिक दल तरह-तरह के पैंतरे आजमा रहे हैं। शिवराज के नेतृत्‍व में प्रदेश की भाजपा सरकार ‘लाड़ली बहना योजना’ लेकर आई तो अब कांग्रेस ने इसकी काट के लिए ‘नारी सम्‍मान योजना’ लांच कर दी है। कांग्रेस ने सरकार बनने पर इस योजना के तहत महिलाओं को 1500 रुपये प्रतिमाह और 500 रुपये में गैस सिलिंडर की बात कही है। पार्टी प्रदेशाध्‍यक्ष व पूर्व मुख्‍यमंत्री कमल नाथ ने छिंदवाड़ा से इसका शुभारंभ किया। भोपाल में पार्टी के प्रदेश कार्यालय में पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी ने इसे लांच किया। इस मौके पर प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्‍यक्ष विभा पटेल, कांग्रेस के मीडिया प्रभारी केके मिश्रा और हाल ही में भाजपा छोड़ कांग्रेस में शामिल हुए पूर्व मंत्री दीपक जोशी समेत अनेक नेता मौजूद रहे।

 

इस अवसर पर पत्रकारों को संबोधित करते हुए सुरेश पचौरी ने कहा कि कांग्रेस हमेशा से नारी सशक्तीकरण की प्रतिबद्ध रही है। केंद्र की कांग्रेस सरकार ने नारी सशक्तीकरण की कई योजनाएं बनाई। कमल नाथ सरकार ने भी महिलाओं के लिए अनेक योजनाएं बनाईं। केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार ने योजनाएं तो बनाईं, पर उनका लाभ महिलाओं को नहीं मिला। मप्र में महिला उत्पीड़न की घटनाएं हो रही है। दुराचार, मारपीट के मामले ज्यादा। बेटियों के गुम होने की घटनाएं भी अधिक हैं।

 

उन्‍होंने मुख्‍यमंत्री शिवराज पर हमला बोला और कहा कि शिवराज शिवराज चुनाव से पहले घोषणा करने के आदी हैं। लाड़ली बहना भी उसी की एक कड़ी है। किन्हें पात्र और अपात्र माना, इसे लेकर उलझन हैं। ऐसे में कितनी बहनों को लाभ मिलेगा, आप समझ सकते हैं। कांग्रेस इन विसंगतियों को दूर करेगी। पात्रता की शर्तें शिथिल करेगी। अभी पंजीयन कराने में दिक्कत हो रही है। सर्वर हमेशा डाउन रहता है। इस कारण 60 लाख महिलाएं बाहर हो जाएंगी। ये लाड़ली लक्ष्मी योजना जैसे ही हालात हैं। सरकार बनने पर नारियों की रक्षा, सुरक्षा का प्रबंध करेंगे। इसके लिए कमल नाथ जी वचनबद्ध हैं।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

error: Content is protected !!