इंदौर। इंदौर में मशहूर पंजाबी सिंगर यो यो हनी सिंह का कार्यक्रम 8 मार्च को आयोजित किया गया। हनी सिंह के शो से पहले इंदौर नगर निगम और आयोजकों के बीच टैक्स को लेकर विवाद छिड़ गया। ‘मिलियनेयर इंडिया टूर’ कॉन्सर्ट के आयोजकों को मनोरंजन कर वसूलने का नोटिस भेजा गया था। इस कार्यक्रम के लिए पुलिस और प्रशासन से अनुमति प्राप्त थी, लेकिन कार्यक्रम समाप्त होने के बाद नगर निगम ने आयोजकों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की।
हनी सिंह का यह कार्यक्रम शनिवार को इंदौर के सी-21 एस्टेट में हुआ। लगभग डेढ़ घंटे चले इस कार्यक्रम में उन्होंने 10 गाने प्रस्तुत किए। कार्यक्रम के बाद नगर निगम ने आयोजकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए इवेंट से जुड़े सामान, जैसे एलईडी और साउंड सिस्टम, सहित 2-3 ट्रकों में सामान जब्त कर लिया। बताया जा रहा है कि मनोरंजन कर बकाया होने के कारण नगर निगम ने लाखों रुपए के सामान की जब्ती की।
सूत्रों के अनुसार, शनिवार दोपहर जीएसटी पोर्टल से जानकारी मिली कि इस कार्यक्रम के लिए 3 करोड़ 28 लाख रुपये से अधिक के टिकट बिके। इंदौर नगर निगम ने आयोजकों से 50 लाख रुपये के टैक्स की मांग की थी। नगर निगम का कहना था कि इस राशि का 10 प्रतिशत मनोरंजन कर और आमोद कर पहले ही जमा किया जाना चाहिए था, जबकि आयोजकों ने केवल 7.8 लाख रुपये टैक्स जमा किए थे। इस कारण शो खत्म होने के बाद नगर निगम ने आयोजकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उनके सामान की जब्ती की।
शनिवार को आयोजित हनी सिंह के कंसर्ट में उन्होंने हेलिकॉप्टर से एंट्री की, जिसे देखकर उनके फैंस झूम उठे। हनी सिंह ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर इंदौर के कंसर्ट के कुछ वीडियो भी पोस्ट किए। एक वीडियो में वे कहते हैं, “इंदौर… शायरों का शहर।” इस कंसर्ट के दौरान उन्होंने एक से बढ़कर एक गाने गाए।
यह भी पढ़िए : शवयात्रा में अचानक मची भगदड़, बीच सड़क पर अर्थी छोड़ भागे लोग