कमलेश्वर धाम जा रहे यात्रिओं की नाव पलटी, 30 लोग डूबे, 6 की मौत

Author Picture
By Sharma Published On: September 16, 2020
rescue

राजस्थान। राजस्थान के बूंदी में चंबल नदी को पार करते समय यात्रियों से भरी एक नाव पलट गई है। इस नाव में सवार 25 से 30 लोगों के डूबने की आशंका जतायी जा रही थी। लेकिन 24 लोगों को नदी से सुरक्षित निकला लिया गया है, जबकि 6 लोगों की मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि ये सभी कमलेश्वर धाम जाने के लिए नाव में बैठकर चंबल नदी पार कर रहे थे।

घटना की जानकारी मिलते ही उच्चाधिकारी मौके पर पहुंचे और तुरंत ही रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया। गोताखोरों की मदद से नदी में डूबे लोगों के शव निकाले जा रहे हैं। इस घटना पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला ने दुःख जताया है तो वहीं लोकसभा सचिवालय कोटा जिला कार्यालय से घटना की जानकारी ले रहा है। मंत्री शांति धारीवाल ने जिला कलेक्टर व एसपी को रेस्क्यू ऑपरेशन त्वरित रूप से चलाने का निर्देश दिया है | 

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने हादसे पर दुख जताया है और मृतकों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना जतायी है। मुख्यमंत्री ने अपने ट्वीट में लिखा है कि कोटा प्रशासन से बात कर घटना की जानकारी ली है। तत्परता से राहत एवं बचाव के साथ ही लापता लोगों को शीघ्र ढूंढने के निर्देश दिए हैं। स्थानीय पुलिस एवं प्रशासन घटनास्थल पर मौजूद है। प्रभावित परिवारों को मुख्यमंत्री सहायता कोष से मदद के लिए निर्देश दिए हैं।

जानकारी के मुताबिक, 30 लोगों से भरी नाव गोठला कला के पास कमलेश्वर धाम जा रही थी। नांव में करीब एक दर्जन बाइक भी रखी गई थी। जिन्हें नदी के इस पार से उसपार ले जाया जा रहा था। नाव पर वजन ज्यादा हो गया था और नाव जैसे ही नदी के बीच में पहुंची, तो अचानक पलट गई। मौके पर पुलिस और प्रशासन की टीम पहुंची। रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। ग्रामीण और स्थानीय लोग भी मदद कर रहे हैं। इसमें छह लोगों की मौत हो गई है। घटना चाणदा व गोठड़ा गांव के बीच की बताई जा रही है |