ममता बनर्जी सोशलिज्म के साथ लेंगी सात फ़ेरे, कम्युनिज्म और लेनिनिज्म होंगे बराती

Author Picture
By Sharma Published On: June 12, 2021

चेन्नई। इस रविवार को सोशलिज्म की शादी है, जिसमें कम्युनिज्म और लेनिनिज्म बराती होंगे। चौंकिए मत! यह किसी नाटक के लिए लिखी पंक्ति या मजाक में कही गई बात नहीं है। तमिलनाडु के सेलम जिले में यह शादी होने जा रही है। भाकपा नेता केए मोहन खांटी कम्युनिस्ट परिवार से आते हैं। अपनी विचारधारा दिखाने के लिए उन्होंने अपने बच्चों के नाम इस तरह रखे हैं। जिस बेटे की शादी है, उसका नाम है एएम सोशलिज्म। बाकी दो बेटों के नाम कम्युनिज्म और लेनिनिज्म हैं। उनका एक पोता भी है, जिसका नाम मा‌र्क्सिज्म है।

शादी में दुल्हन का नाम भी कम ध्यान आकर्षित करने वाला नहीं है। सोशलिज्म की शादी ममता बनर्जी से हो रही है। ममता का परिवार कांग्रेस समर्थक है। उन्होंने अपनी बेटी का नाम उस समय ममता बनर्जी के नाम पर रखा था, जब वह कांग्रेस के साथ थीं। सोशलिज्म ने कहा कि बचपन में ऐसे अनूठे नाम के कारण उन्हें व उनके भाइयों को अक्सर मजाक का पात्र बनना पड़ता था। बाद में कालेज के दिनों में अपने नाम के कारण ही वे आकर्षण का केंद्र बन गए। सोशलिज्म और लेनिनिज्म चांदी के आभूषणों का कारोबार करते हैं और कम्युनिज्म वकील हैं।

अपनी होने वाली पत्नी का नाम को लेकर सोशलिज्म ने कहा, ‘मुझे खुशी है कि मेरी होने वाली पत्नी का नाम ममता बनर्जी है, जिसका नाम वर्तमान मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस नेता के नाम पर रखा गया है। उनकी माता-पिता कांग्रेस समर्थक हैं और इसलिए उनकी बेटी का नाम ममता बनर्जी रखा गया, जो एक तेजतर्रार नेता थीं और अब भी हैं। वह तृणमूल कांग्रेस (TMC) बनाने से पहले कांग्रेस पार्टी में थीं।’ तमिलनाडु भाकपा के राज्य सचिव आर. मुथारासन और उप सचिव के. सुब्बारायन शादी में शामिल होंगे।