चाइनीज ब्रैंड Oppo के प्रमोशन से जुड़े MS Dhoni,फैंस कर रहे ट्रोल

Author Picture
By Sharma Published On: September 20, 2020
ms-dhoni-with-promotion-of-chinese-brand-oppo
आईपीएल (IPL 2020) शुरू होने के बाद एमएस धोनी (MS Dhoni) का नाम हर ओर गूँज रहा है। आखिर गूँजे भी क्यों न 437 दिन के लंबे ब्रैक के बाद कैप्टन कूल मैदान पर जो उतरे हैं। लेकिन सोशल मीडिया पर एक जगह धोनी ट्रोल भी हो रहे हैं।
इसकी वजह है चाइनीज ब्रैंड ओप्पो (Oppo), जिसे धोनी अभी भी प्रमोट कर रहे हैं, जबकि भारत और चीन के संबंध इन दिनों नाज़ुक हैं और गलवान घाटी में सीमा पर दोनों देशों के बीच तनाव चल रहा है।

धोनी ओप्पो के नए विज्ञापन में दिख रहे हैं। इसका टीजर सामने आते ही लोगों का गुस्सा धोनी पर फूट पड़ा है। वह अपने चहेते माही को यहां खरी-खरी सुना रहे हैं।

दरअसल ओप्पो इंडिया ने अपने टि्वटर हैंडल पर धोनी का एक टीजर जारी किया है, जिसमें कंपनी ने कहा है कि 24 सितंबर को धोनी के संघर्ष की यात्रा के बारे में बताएगी।

इस वीडियो को पोस्ट करते हुए इस मोबाइल कंपनी ने लिखा, ‘वह व्यक्ति जिसे हम क्रिकेट मैदान पर मिस कर रहे हैं। असाधारण कप्तान एमएस धोनी हमें सभी बाधाओं को पार कर अपने पैरों पर खड़े होने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। 24 सितंबर को इस भावुक यात्रा को देखने के लिए तैयार रहिए।’

लेकिन चीनी कंपनी के साथ धोनी का यह गठबंधन देखकर कई फैन्स नाराज़ हो गए और उन्होंने माही को देश भक्ति से जोड़कर ट्रोल करना शुरू कर दिया।

यूज़र ने लिखा, ‘नो मिस्टर कूल, प्लीज चाइनीज ब्रैंड्स को प्रमोट मत कीजिए। हम इस देश (चीन) के प्रति और उनके ब्रैंड्स के प्रति अपना शांत स्वभाव खो चुके हैं।’

एक अन्य यूज़र ने कंपनी को टैग करते हुए लिखा, ‘तुम कभी भारतीय नहीं हो सकते क्योंकि तुम चाइनीज हो। चीन में जन्मे हो, चीन में बड़े हुए हो। चीन में ही निर्मित हुए हो और भारत में असेंबल हो। इसलिए वापस चीन लौट जाइए, क्योंकि यह भारत है चीन नहीं।’