UP-MP सहित इन राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी

Author Picture
By Desk Input Published On: December 25, 2024

इंदौर। दिल्ली सहित पूरा उत्तर भारत ठंड से परेशान है। राजधानी दिल्ली में सोमवार को हुई बारिश ने ठंड और बढ़ा दी है। मौसम विभाग की मानें तो क्रिसमस के बाद फिर से बारिश हो सकती है। पहाड़ी राज्यों में हो रही बर्फबारी ने उत्तर भारत का तापमान गिरा दिया है। हम आपको इस आर्टिकल में देशभर के मौसम की जानकारी देंगे।

 

मौसम विभाग की मानें तो सोमवार को हुई बारिश के बाद मंगलवार को घना कोहरा दिल्लीवासियों को परेशान करेगा। ऐसे में वाहन चालकों को भारी दिक्कत होगी। इस दौरान मंगलवार की शाम व देर रात को कई इलाकों में बारिश के भी संकेत है।

 

मौसम विभाग के अनुसार 26, 27 व 28 दिसंबर को बारिश होने की पूरी संभावना है। ऐसे में राजधानी के तापमान में भारी गिरावट दर्ज होगी। 29 दिसंबर से मौसम साफ हो सकता है।

 

उत्तर प्रदेश के पश्चिमी और पूर्वी हिस्सों में बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग की मानें तो इस क्षेत्रों में गरज चमक के साथ बैछारें पड़ सकती हैं। इन क्षेत्रों में घना कोहरा छाने से लोगों को वाहन चलाने में भी समस्या का सामना करना पड़ सकता है।

 

वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि उत्तर भारत के आसपास सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के आगे बढ़ जाने के कारण रविवार को रात के तापमान में कुछ गिरावट दर्ज की गई है। मंगलवार-बुधवार तक मौसम का मिजाज इसी तरह बना रह सकता है।

 

उसके बाद हवाओं के साथ नमी आने के कारण कहीं-कहीं बादल छाने के साथ ही गरज-चमक के साथ बारिश होने का सिलसिला भी शुरू हो सकता है। उधर, 27 दिसंबर से एक प्रभावी पश्चिमी विक्षोभ के उत्तर भारत पहुंचने की संभावना है। उसके प्रभाव से प्रदेश के अधिकतर शहरों में बारिश का सिलसिला शुरू होने के आसार हैं।