Covid-19 Case: देश में कोरोना एक बार फिर से तेज़ी से फैल रहा है और इस बार इसका नया वेरिएंट JN-1 चिंता का कारण बन गया है। ओमिक्रॉन के बाद JN-1 वेरिएंट ने कई राज्यों में पैर पसार लिए हैं। सबसे ज़्यादा असर केरल महाराष्ट्र और दिल्ली में देखा जा रहा है। सरकार ने लोगों से अपील की है कि वे मास्क पहनें और जरूरी सावधानी बरतें। कोरोना के बढ़ते मामलों को देखकर एक बार फिर से लोगों में डर का माहौल बन गया है।
केरल में बिगड़ते हालात
केरल में कोरोना के हालात सबसे ज़्यादा चिंताजनक हैं। यहां एक्टिव केस लगातार बढ़ रहे हैं और अब तक 2055 मामले सामने आ चुके हैं। इसके अलावा 3736 लोग ठीक भी हुए हैं लेकिन मौतों की संख्या भी 20 तक पहुंच गई है। हर दिन सौ से ज्यादा नए केस सामने आ रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के अनुसार राज्य में अस्पतालों की तैयारियां तेज़ कर दी गई हैं ताकि गंभीर मरीजों को समय रहते इलाज मिल सके। केरल फिर से एक बार कोरोना की मार झेलने को मजबूर होता दिख रहा है।
गुजरात बना दूसरा हॉटस्पॉट
केरल के बाद गुजरात दूसरा सबसे बड़ा राज्य बन चुका है जहां कोरोना के सबसे ज़्यादा एक्टिव केस हैं। यहां अब तक 1358 एक्टिव केस दर्ज किए गए हैं जबकि 1015 लोग ठीक हो चुके हैं। दो लोगों की मौत भी हो चुकी है और हर दिन 70 से ज़्यादा केस सामने आ रहे हैं। गुजरात सरकार ने भी अब निगरानी बढ़ा दी है और अस्पतालों में ऑक्सीजन और दवाइयों की सप्लाई सुनिश्चित करने के आदेश दिए गए हैं। लोगों से भीड़भाड़ से बचने और लक्षण दिखने पर तुरंत टेस्ट करवाने की सलाह दी गई है।
पूर्वोत्तर के दो राज्य अभी सुरक्षित
अरुणाचल प्रदेश और त्रिपुरा ऐसे दो राज्य हैं जहां इस समय कोरोना का एक भी एक्टिव केस मौजूद नहीं है। हालांकि पहले इन राज्यों में कोरोना के कुछ केस सामने आए थे लेकिन सभी मरीज ठीक हो चुके हैं। अरुणाचल में पहले तीन केस मिले थे और त्रिपुरा में केवल एक लेकिन अब दोनों ही राज्यों में कोई नया केस नहीं मिला है। यह राहत की बात जरूर है लेकिन स्वास्थ्य विशेषज्ञों का मानना है कि सतर्कता में कोई ढील नहीं देनी चाहिए क्योंकि यह वायरस कब कहां लौट आए कुछ कहा नहीं जा सकता।
अन्य राज्यों में भी बढ़ रहे हैं मामले
दिल्ली में अब तक 714 एक्टिव केस हैं जबकि 1748 लोग ठीक हो चुके हैं। पश्चिम बंगाल में 747 एक्टिव केस हैं जबकि उत्तर प्रदेश में 251 केस दर्ज किए गए हैं। महाराष्ट्र में 629 और कर्नाटक में 395 एक्टिव केस मौजूद हैं। पंजाब में अब तक 29 केस दर्ज किए गए हैं और राज्य सरकार ने तेजी से एक एडवाइजरी जारी की है जिसमें कहा गया है कि सभी लोग मास्क पहनें और भीड़भाड़ वाले इलाकों में जाने से बचें। खांसी बुखार जैसे लक्षण दिखने पर डॉक्टर से मिलें और दूसरों से दूरी बनाएं।