धर्मेंद्र प्रधान को मप्र अध्यक्ष चयन की जिम्मेदारी, पैनल में पांच नाम शामिल

भोपाल। केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को मध्य प्रदेश का चुनाव प्रभारी नियुक्त किया गया है। वे राज्य के नए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का चयन करेंगे। प्रदेश अध्यक्ष के चयन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और इसे 15 जनवरी तक पूरा कर लिया जाएगा। इस प्रक्रिया में प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह और सह प्रभारी सतीश उपाध्याय भी अहम भूमिका निभा रहे हैं।

जिला अध्यक्ष चयन की प्रक्रिया शुरू
पांच जनवरी तक जिला अध्यक्षों के नामों की घोषणा के बाद प्रदेश अध्यक्ष के चयन की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। नए जिला अध्यक्षों के चयन के लिए प्रत्येक जिले के पांच नामों का पैनल तैयार किया गया है, जिसमें एससी, एसटी, और महिला प्रतिनिधियों को प्राथमिकता दी गई है।

दिल्ली भेजे जाएंगे नामों के पैनल
गुरुवार को भाजपा के प्रदेश कार्यालय में दिनभर चली बैठकों के बाद यह पैनल फाइनल किया गया। बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सरोज पांडेय, प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह, संगठन महामंत्री हितानंद, और प्रदेश चुनाव अधिकारी विवेक नारायण शेजवलकर ने भाग लिया।

शुक्रवार को इन नामों का पैनल केंद्रीय नेतृत्व के पास दिल्ली भेजा जाएगा, जिसके बाद अंतिम निर्णय लिया जाएगा। जिला अध्यक्षों की घोषणा पांच जनवरी को होने की संभावना है।

युवा और महिला नेतृत्व को प्राथमिकता
सूत्रों के मुताबिक, 15 मौजूदा युवा जिला अध्यक्षों को दोबारा मौका दिया जा सकता है, बशर्ते उनका कार्यकाल विवाद मुक्त रहा हो। चार साल से अधिक समय तक जिला अध्यक्ष रह चुके नेताओं को दोहराया नहीं जाएगा। इस बार महिलाओं को भी प्राथमिकता दी गई है, और पैनल में कई महिला नेत्रियों के नाम शामिल हैं।

धर्मेंद्र प्रधान का प्रदेश से पुराना नाता है, क्योंकि वे पहले मध्य प्रदेश से राज्यसभा सदस्य रह चुके हैं। वर्तमान में वे ओडिशा की संबलपुर लोकसभा सीट से सांसद हैं।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

error: Content is protected !!