दो जॉली और एक जज! कोर्ट में अब मचेगा कमाल या बवाल, , ‘Jolly LLB 3’ में किसकी होगी जीत?

Author Picture
By Sharma Published On: August 8, 2025
दो जॉली और एक जज! कोर्ट में अब मचेगा कमाल या बवाल, , ‘Jolly LLB 3’ में किसकी होगी जीत?

Jolly LLB 3: बॉलीवुड की सुपरहिट सीरीज़ ‘जॉली एलएलबी’ के पहले दो भागों ने दर्शकों का दिल जीत लिया था। अब जब तीसरे भाग ‘जॉली एलएलबी 3’ की आधिकारिक घोषणा हो चुकी है तो फैंस खुशी से झूम उठे हैं। इस बार खास बात यह है कि फिल्म में दोनों जॉली यानी अरशद वारसी और अक्षय कुमार एक साथ नजर आने वाले हैं। उनके साथ होंगे पुराने जज साहब यानी सौरभ शुक्ला जो एक बार फिर न्याय की कुर्सी संभालते दिखाई देंगे।

 जज सुंदरलाल त्रिपाठी की बढ़ी टेंशन, नींद तक उड़ी

फिल्म के मेकर्स ने एक मजेदार वीडियो रिलीज किया है जिसमें जज सुंदरलाल त्रिपाठी बने सौरभ शुक्ला बताते हैं कि कैसे दोनों जॉली ने उनकी जिंदगी मुश्किल बना दी है। वीडियो में वह कहते हैं कि पहले आया जगदीश त्यागी यानी जॉली 1 जो छोटी-छोटी बातों पर गुस्सा करता था और जिसे इंग्लिश तक नहीं आती थी। फिर आया जगदीश्वर मिश्रा यानी जॉली 2 जो ईमानदारी की बात करता था लेकिन जुबान से किसी भी खाने को बेच डालने जैसा भाषण देता था।

दोनों जॉली एक साथ… जज बोले – अब तो पागल हो जाऊंगा

सौरभ शुक्ला वीडियो में आगे कहते हैं कि अब दोनों जॉली एक साथ आ गए हैं और वह भी मेरी जिंदगी में हंगामा करने। उन्होंने कहा कि अगर मैं पागल हो गया या अपना आपा खो बैठा तो मुझे मत जज करना। इस वीडियो में सौरभ शुक्ला की बेहतरीन अदाकारी और ह्यूमर ने दर्शकों को खूब हंसाया और फिल्म को लेकर उत्साह और भी बढ़ा दिया है।

12 अगस्त को आएगा टीज़र, 19 सितंबर को रिलीज़ होगी फिल्म

मेकर्स ने इस वीडियो के ज़रिए यह भी ऐलान किया है कि ‘जॉली एलएलबी 3’ का टीज़र 12 अगस्त को रिलीज़ किया जाएगा। वहीं फिल्म सिनेमाघरों में 19 सितंबर को दस्तक देगी। यह कोर्टरूम कॉमेडी इस बार और भी जबरदस्त होने वाली है क्योंकि अब जज साहब के सामने दो-दो जॉली होंगे जो अलग-अलग स्टाइल में बहस करेंगे।

स्टारकास्ट में धमाल, दिखेगी पुरानी और नई जोड़ी

‘जॉली एलएलबी 3’ में इस बार अरशद वारसी और अक्षय कुमार के साथ सौरभ शुक्ला की मजेदार तिकड़ी दिखेगी। इसके अलावा अमृता राव, हुमा कुरैशी और गजराज राव जैसे बेहतरीन कलाकार भी नजर आएंगे। फिल्म में हास्य के साथ-साथ कोर्टरूम ड्रामा भी होगा जो दर्शकों को खूब पसंद आएगा।