रात में कड़ाके की ठंड, दिन में धूप, जानिए एमपी के मौसम का हाल

इंदौर। हवा का रूख बदलने से मध्यप्रदेश के अधिकांश इलाकों में दिन और रात के तापमान में बढ़ोतरी देखी गई है, जिससे कड़ाके की ठंड से कुछ राहत मिली है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, आगामी तीन दिनों में रात्रि के तापमान में और वृद्धि हो सकती है, जिससे सर्दी में कमी आएगी।

भोपाल में नए साल के पहले दो दिन घना कोहरा था, लेकिन शुक्रवार को कोहरा छंटने के बाद दिन में धूप ने गर्माहट महसूस कराई। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 26.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री अधिक था। गुरुवार को अधिकतम तापमान 25.4 डिग्री और बुधवार को 18.3 डिग्री था।

नौगांव में तापमान 4.4 डिग्री रहा, जबकि दो दिनों में तापमान में 8.3 डिग्री की बढ़ोतरी हुई। प्रदेश में गुरुवार रात मंडला सबसे सर्द रहा, जहां न्यूनतम तापमान 4.3 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। नौगांव में भी न्यूनतम तापमान 4.4 डिग्री था। राज्य के 23 शहरों में रात का तापमान 10 डिग्री से नीचे रहा।

रायसेन में शुक्रवार को कोल्ड डे रहा, जहां अधिकतम तापमान 16 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, अफगानिस्तान के पास पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से हवा का रूख उत्तरी से उत्तरी-पश्चिमी हो गया है, जिसके कारण तापमान में वृद्धि हुई है। आने वाले तीन दिनों में रात के तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी होगी, लेकिन इसके बाद तापमान में फिर गिरावट हो सकती है।

ग्वालियर में शुक्रवार को घना कोहरा छाया था, जिससे सड़क पर विजिबिलिटी जीरो हो गई। रीवा में भी 50 मीटर विजिबिलिटी रही, जबकि भिंड, मुरैना, सतना और छतरपुर में घना कोहरा था।

अगले दो दिन का मौसम पूर्वानुमान
4 जनवरी
ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी और सिंगरौली में घना कोहरा रहेगा, जहां विजिबिलिटी 50 मीटर तक हो सकती है।
राजगढ़, मंदसौर, नीमच, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, जबलपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी और मैहर में हल्का से मध्यम कोहरा रहेगा।
भोपाल, विदिशा, रायसेन, सीहोर, रतलाम, उज्जैन और शाजापुर में हल्का कोहरा रहेगा।

5 जनवरी
ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी और सिंगरौली में मध्यम कोहरा रहेगा।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

error: Content is protected !!