26.3 C
Bhopal
Friday, September 20, 2024

पिता ने मासूम बेटे का गला घोटकर की हत्या, ये है पूरा मामला

Must read

भोपाल। भोपाल में एक पिता ने अपने चार महीने के बेटे की गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या के पीछे वजह बस इतनी थी कि पत्नी ने नशे में धुत पति के साथ रात में घर लौटने से मना कर दिया था। इसी बात से गुस्साए युवक ने मासूम को पत्नी की गोद से खींचा और गला दबाकर मार डाला। बच्चे के रोने की आवाज आनी बंद हुई तो आरोपी पिता उसे वहीं छोड़कर भाग निकला। मां-मामा बच्चे को लेकर अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।

 

घटना राजधानी के गांधीनगर क्षेत्र की है। जहां बीडीए क्वार्टर, गोंदरमऊ की रहने वाली संगीता वर्मा की शादी 2015 में गांव बड़वेली, खिलचीपुर जिला राजगढ़ निवासी संजू वर्मा (30) से हुई थी। रक्षाबंधन पर संगीता अपने चार महीने के बेटे आर्यन के साथ मायके आई थी। 8 सितंबर को संजू उसे लेने ससुराल पहुंचा था। इसके बाद तीन दिनों से वहीं पर था। शनिवार शाम करीब 6 बजे वह नशे की हालत में आया और पत्नी से घर चलने की जिद करने लगा।

 

 

पत्नी और उसकी मौसी जानकी बाई ने संजू को समझाया कि शाम हो गई है, कल सुबह जल्दी निकल चलेंगे। तुमने नशा भी बहुत कर रखा है। यह सुनते ही संजू आगबबूला हो गया और पत्नी को धमकाने लगा। बोला- घर नहीं चलेगी तो बच्चे को मार डालूंगा। वह बच्चे को संगीता की गोद से छीनने लगा। दोनों के बीच झूमा-झटकी शुरू हो गई। संजू ने बच्चे को गोद से उठाया और दीवार में सटाकर उसका गला दबा दिया। बच्चे की मौत हो गई। मामा ने बताया कि संजू प्राइवेट जॉब करता है। जिस कमरे में उसने आर्यन की जान ली, 4 महीने पहले उसी में उसका जन्म हुआ था। आर्यन के बड़े भाई अभि की उम्र चार साल है। रक्षाबंधन में वह भी अपना मां के साथ आया था। घटना के समय वह खेल रहा था। वह छोटे भाई को बार-बार याद करता है। मां को रोता देख खुद बिलखने लगता है।

 

आर्यन के मामा देवी सिंह ने बताया कि संजू नशे में था। भांजा आर्यन पहले मेरी गोद में खेल रहा था। लेकिन संजू ने उसे मुझसे ले लिया। मैं आर्यन को देकर अपने कमरे में चला गया। इसी बीच वह बहन संगीता से घर चलने को लेकर विवाद करने लगा। संगीता ने बच्चे को उससे छीनकर अपनी गोद में ले लिया। बाद में संजू ने उससे आर्यन को छीन लिया। घटना के बाद संजू फरार हो गया। देवी सिंह ने बताया कि रात करीब 12 बजे उसने मुझे फोन लगाया। उसने बच्चे के बारे में पूछा। हमने बताया कि बच्चा अस्पताल में है। उस समय उसका नशा कम हो गया था। इसके बाद संजू ने फोन काट दिया। तब से उसका फोन बंद है।

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest News

error: Content is protected !!