शहडोल। शहडोल में दो दिन पहले मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने महिला सम्मेलन को संबोधित किया। लाड़ली बहना योजना की जानकारी दी। साथ ही महिलाओं के लिए चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी भी दी। इस दौरान का एक वीडियो वायरल हो गया है। इसमें एक महिला आरक्षक अपने मासूम बच्चे को गोद में लेकर ड्यूटी करती नजर आ रही है।यह वीडियो ब्यौहारी का है। कार्यक्रम में रीवा से पुलिस बल को तैनात किया गया था। इसमें ही रीवा पुलिस बल से आई आरक्षक रश्मि मिश्रा अपने साथ दो साल के बच्चे को भी लाई थी। कुछ घंटों की ड्यूटी निभाने के दौरान रश्मि ने अपने मासूम को गोद में ही रखा। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस दौरान अपना भाषण पूरा किया। उनका तो ध्यान इस महिला आरक्षक पर नहीं गया, लेकिन सम्मेलन में आई महिलाओं और अन्य लोगों का ध्यान इस पर ही था। उन्होंने अपने मोबाइल में इस मां को कैद कर लिया। अब यह वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो गई हैं।
सोशल मीडिया पर रश्मि मिश्रा की खूब तारीफ हो रही है। लोगों का कहना है कि डबल ड्यूटी निभाती इस महिला तारीफ के काबिल है। सीएम तो एकाध घंटा ही प्रोग्राम में रहे, लेकिन महिला आरक्षक की ड्यूटी पांच से छह घंटे की रही। जिस मुस्तैदी से वह अपना फर्ज निभा रही थी, चर्चा का विषय बन गई हैं।
पिछले साल छतरपुर जिले में त्रिस्तरीय पंचायती चुनाव के दौरान एक पुलिस आरक्षक की तस्वीर वायरल हुई थी। छतरपुर जनपद के सरानी गांव/पंचायत के पोलिंग बूथ पर एक महिला आरक्षक अपनी ढाई साल की बेटी के साथ ड्यूटी करती नजर आई थी। आरक्षक आसमां ने बताया था कि पति दूसरे शहर में जॉब में करते हैं। घर में कोई और नहीं है। इस वजह से चुनाव ड्यूटी में उसे लेकर काम कर रही हैं। इसी तरह निवाड़ी में भी आठ महीने की बेटी को गोद में लिए ड्यूटी पर तैनात महिला आरक्षक शिवानी लखेरा का फोटो वायरल हुआ था।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पिछले महीने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री निवास की ड्यूटी और प्रेस प्रकोष्ठ में महिला अधिकारी/कर्मचारियों को तैनात किया था। सुबह आठ बजे से देर रात तक महिला ही उनकी ड्राइवर थीं और महिला ही सुरक्षाकर्मी। रात को मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री निवास की ड्यूटी पर तैनात महिला अधिकारी-कर्मचारियों के साथ ग्रुप फोटो खिंचवाया था और उनका हौंसला बढ़ाया था।
Recent Comments