First Aid For Snake Bite: बारिश के मौसम में अक्सर हम साँपों की खबरें ज्यादा सुनते हैं। इसका कारण ये है कि पानी भर जाने से साँप अपने बिलों से बाहर आ जाते हैं। इसी समय उनका प्रजनन भी होता है जिससे इनकी संख्या भी बढ़ जाती है। पेड़ पौधों वाले इलाकों या जंगलों में साँप ज्यादा मिलते हैं लेकिन खेत या घर के आस-पास भी दिख सकते हैं। ऐसे में ज़रा सी लापरवाही भी खतरनाक हो सकती है।
साँप काटे तो सबसे पहले क्या करें
अगर किसी को साँप ने काट लिया है तो सबसे पहले घबराना नहीं है। तुरंत उस जगह को साबुन और साफ पानी से धोएं। इसके बाद जहाँ काटा गया है उससे आधा इंच ऊपर की ओर कोई मजबूत कपड़ा या रस्सी कसकर बांधें ताकि ज़हर खून में ऊपर की ओर न जा सके। अगर हाथ या पैर पर काटा है तो उसे दिल के लेवल से ऊपर रखें ताकि ज़हर कम फैले।

ज़हर को फैलने से कैसे रोकें
साँप के काटने के बाद मरीज को तुरंत डॉक्टर के पास ले जाएं। कोशिश करें कि मरीज को ज्यादा न हिलाएं क्योंकि शरीर की हरकत से दिल की धड़कन बढ़ती है जिससे खून तेजी से दौड़ता है और ज़हर जल्दी फैल सकता है। मरीज को शांत रखें और सही इलाज के लिए अस्पताल ले जाना ही सबसे जरूरी कदम होता है।
काटने के बाद नींद क्यों नहीं लेनी चाहिए
साँप के काटने के बाद अक्सर मरीज को नींद या बेहोशी आने लगती है खासकर अगर साँप ज़हरीला हो। ऐसे में मरीज को जगाए रखना जरूरी है जब तक डॉक्टर न पहुंच जाए। साथ ही अगर अंगूठी या पायल जैसी कोई चीज पहनी हो तो उसे तुरंत उतार दें क्योंकि सूजन आने से वो अंग में फंस सकती है जिससे और नुकसान हो सकता है।
ये गलतियाँ बिल्कुल न करें वरना हो सकता है भारी नुकसान
कई लोग डर के मारे गलत कदम उठा लेते हैं जैसे बर्फ लगाना या ज़हर चूसने की कोशिश करना। ये सब बिलकुल न करें। हाथ को पानी में देर तक डुबोकर रखना भी नुकसानदेह है। कैफीन वाले पदार्थ जैसे चाय या कॉफी से बचें। शराब या दर्द की दवाएं जैसे आईबूप्रोफेन और एस्प्रिन नहीं लेनी चाहिए क्योंकि ये ज़हर को फैलने में मदद कर सकती हैं।


