ऑनलाइन गेम पर की दोस्ती, फिर छात्रा के वायरल किए अश्लील फोटो-वीडियो

ग्वालियर। ग्वालियर में ऑनलाइन गेम खेलना 16 वर्षीय छात्रा के लिए मुसीबत बन गया। गेम के साथी पार्टनर ने ना सिर्फ बेटी के अश्लील फोटो और वीडियो बना लिए बल्कि उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। घटना जनकगंज थाना क्षेत्र के गोल पहाड़िया इलाके की है। अब आरोपी युवक लगातार पिता को कॉल कर बेटी को उसके पास भेजने के लिए दबाव बना रहा है और ना भेजने पर बेटी को उठा ले जाने की धमकी दे रहा है। आरोपी खुद को झारखंड का रहने वाला बताता है। बात नहीं मानने पर आरोपी ने उनकी बेटी के फोटो और वीडियो वायरल कर दिए। घटना के शिकार पीड़ित परिवार ने एसएसपी से शिकायत की। जिसके बाद मामले को गंभीरता से लिया गया। अब इस मामले में जनकगंज थाना में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ छेड़छाड़, पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।

 

जनकगंज निवासी 16 वर्षीय दसवीं की छात्रा ने शिकायत की है कि दो साल पहले लॉकडाउन के समय पढ़ाई करने के लिए उसके पिता ने उसे मोबाइल खरीदकर दिया था। पढ़ाई के साथ-साथ वह ऑनलाइन गेम भी खेलती थी। एक दिन वह ऑनलाइन फ्री फायर गेम खेल रही थी और इसी दौरान उसकी पहचान सन्नी एचआर नामक युवक से हुई और वह साथ में गेम खेलने लगे। इसी बीच सन्नी एचआर युवक ने उससे दोस्ती कर विश्वास जीत लिया फिर उसकी फेसबुक आईडी, इंस्टाग्राम आईडी और मोबाइल हैक कर उसका पूरा डाटा ले लिया। इसके बाद आरोपी ने उसके अश्लील फोटो और वीडियो बनाकर उसे ब्लैकमेल करने लगा। इसके बाद छात्रा ने अपने पिता को बताई तो उन्होंने भी युवक को समझाया, लेकिन जुलाई माह से आरोपी उन्हें कॉल कर धमकी दे रहा है कि बेटी को उसके पास भेज दो, अगर बेटी नहीं भेजी तो वह उनके घर से उसे उठा ले जाएगा। इतना ही नहीं यह भी धमकाता है कि वह उसे ऑनलाइन फ्री गेम में खुदकुशी का टास्क दे देगा। जिसके बाद वह खुदकुशी कर लेगी।

 

 

अब जब उन्होंने आरोपी की बात नहीं मानी तो उसने छात्रा के फोटो-वीडियो वायरल कर दिए। आरोपी ने उनके रिश्तेदारों के साथ जुड़ी एक आईडी पर छात्रा के फोटो और वीडियो वायरल किए है। जिससे उनकी बदनामी हो रही है। पीड़िता की शिकायत इससे पहले भी ग्वालियर एसएसपी से की थी।। जिसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और अब आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। इस मामले में जनकगंज थाना टीआई आलोक सिंह परिहार ने बताया कि छात्रा की शिकायत पर मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश की जा रही है। आरोपी ने खुद को झारखंड का रहने वाला बताया है। अब पुलिस उसकी मोबाइल लोकेशन के आधार पर तलाश कर रही है।

लेटेस्ट न्यूज़
- Advertisment -

धार्मिक

error: Content is protected !!