गजक का नाम कांग्रेस है, तो मंत्री जी ने कूट दी गजक

ग्वालियर। मध्यप्रदेश अजब है और यहां के मंत्री गजब है। हमेशा अपनी अजब-गजब कार्यशैली के लिए मीडिया में सुर्खियों में रहने वाले प्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युमन सिंह तोमर शनिवार को फिर अलग अंदाज में नजर आए। उनका गजक कूटते हुए वीडियो वायरल हो रहा है। तोमर सुबह ट्रेन से ग्वालियर पहुंचे। सुबह छह बजे स्टेशन पर उतरते ही अपने घर न जाते हुए सीधे किला गेट रवाना हो गए। उन्होंने वहां चल रहे निर्माणधीन विकास कार्यों का निरीक्षण किया।

 

किला गेट पर बड़ी संख्या में लोग गजक बनाने का काम करते हैं। वहां सुबह से ही गजक कूटने का काम शुरू हो जाता है। जब तोमर उस क्षेत्र में निरीक्षण करने पहुंचे तो वहां लोग गजक कूटने में लगे थे। ऊर्जा मंत्री खुद को न रोक सके और उनके साथ गजक कूटने लगे। वहां मौजूद लोगों ने इसका वीडियो बनाया और वायरल कर दिया।

ऊर्जा मंत्री तोमर इसके बाद पैदल-पैदल घासमंडी क्षेत्र की विभिन्न बस्तियों में भ्रमण करने गए। लोगों से घर-घर जाकर पूछा कि वे क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों पर क्या महसूस करते हैं।

 

एमपी में 2023 में विधानसभा चुनाव होने हैं। इसे लेकर भाजपा ने कवायद शुरू कर दी है। मंत्री से लेकर कार्यकर्ता तक सभी अपनी स्थानीय पकड़ को मजबूत करने लोगों के पास पहुंच रहे हैं। मंत्री तोमर का यह अंदाज भी इसी प्रक्रिया का हिस्सा था। निर्माण कार्यों का जायजा लेते हुए वे एक दुकान पर पहुंचे थे। वहां गजक कूटी जा रही थी। गजक कूटते मजदूरों को देखकर मंत्री तोमर भी अचानक दुकान में घुस गए। हाथ में लकड़ी का हथोड़ा लेकर गजक को कूटने लगे। अचानक हुई इस घटना को सभी लोग देखते रह गए और मंत्री तोमर की प्रशंसा करने लगे। कुछ लोग कटाक्ष करते हुए इसे मंत्री का पब्लिसिटी स्टंट भी बता रहे हैं।

लेटेस्ट न्यूज़
- Advertisment -

धार्मिक

error: Content is protected !!