पांच साल की बच्ची के साथ दादा ने किया दुष्कर्म

Author Picture
By Sharma Published On: November 12, 2022

भोपाल।भोपाल के कोलार इलाके में पांच साल की मूक-बधिर बच्ची से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। बच्ची 55 साल के जिस आरोपी को दादा बोलती थी, उसने ही उसके साथ दरिंदगी की। पड़ोसी ने आवाज सुनकर बच्ची की मां को जानकारी दी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने दुष्कर्म की धाराओं में केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। प्रशासन के निर्देश पर नगर निगम ने आरोपी का घर गिरा दिया।

 

कोलार पुलिस के अनुसार पांच साल की मूक-बधिर बच्ची अपने परिवार के साथ रहती है। बच्ची बोल नहीं पाती, लेकिन उसके मुंह से आवाज निकलती है। गुरुवार को बच्ची अपने घर के पास खेल रही थी। आरोपी हरिओम उसे चॉकलेट खिलाने के बहाने अपने घर ले गया और उसके साथ गलत काम करने लगा।

 

बच्ची की आवाज सुनकर पड़ोस में रहने वाली महिला बाहर निकली और बच्ची की मां को जानकारी दी। उसकी मां और पड़ोस के लोग आरोपी के घर पहुंचे, जहां से आरोपी भागने की कोशिश करने लगा। वहां मौजूद लोगों ने उसे पकड़ लिया और पुलिस को सौंप दिया। आरोपी मजदूरी करता है। घटना के समय उसकी पत्नी बाहर गई हुई थी। परिजन बच्ची को लेकर अस्पताल पहुंचे। जहां बच्ची का मेडिकल कराने के बाद उसकी काउंसलिंग कराने पर अपने साथ हुई घटना की जानकारी दी। घटना के बाद शुक्रवार को जिला प्रशासन के निर्देश पर नगर निगम ने आरोपी का घर बुलडोजर से गिरा दिया।