Gujarat: वडोदरा शहर के फतेहगंज इलाके में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक विशाल मगरमच्छ अचानक सड़क पर आ गया। यह घटना गुरुवार रात 17 जुलाई 2025 को हुई जब लोग रात के समय अपने काम से लौट रहे थे। मगरमच्छ को खुलेआम सड़क पर घूमते देख लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई और लोग अपने मोबाइल से वीडियो बनाने लगे। कोई डर के मारे दूर खड़ा रहा तो कोई अपनी गाड़ी रोककर इस नजारे को देखने लगा।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। लोग इसे देखकर मजेदार टिप्पणियाँ कर रहे हैं लेकिन साथ ही चिंता भी जता रहे हैं। यह घटना विश्वामित्री नदी के पास हुई जो पहले से ही मगरमच्छों के लिए जानी जाती है। यहां करीब 300 से ज्यादा मगरमच्छ रहते हैं। इसलिए जब यह मगरमच्छ सड़क पर दिखा तो लोगों के लिए यह नया जरूर था लेकिन पूरी तरह अनहोनी नहीं।
गुजरात के वडोदरा में सड़क पर घूमता दिखा मगरमच्छ..
रात के अंधेरे में नदी से निकलकर सड़क पर टहलने निकला मगरमच्छ! बारिश में विश्वामित्री नदी से भटककर नरहरि ब्रिज पर पहुंचा 8 फीट लंबा मगरमच्छ, सड़क पर अफरा-तफरी |#Gujarat #Vadodara #Crocodile #ViralVideo pic.twitter.com/gTHYvUuitG— Khushbu_journo (@Khushi75758998) July 19, 2025
वन विभाग ने तुरंत लिया एक्शन
जैसे ही वन विभाग को इस घटना की जानकारी मिली उन्होंने तुरंत रेस्क्यू टीम भेजी। टीम ने मौके पर पहुंचकर मगरमच्छ को सुरक्षित तरीके से पकड़ा और उसे दोबारा विश्वामित्री नदी में छोड़ दिया गया। वन अधिकारियों का कहना है कि इस तरह के मामलों में समय पर एक्शन लेना जरूरी होता है ताकि जानवर को भी नुकसान न पहुंचे और इंसान भी सुरक्षित रहें।
मगरमच्छ कैसे आया शहर में
अधिकारियों के मुताबिक यह मगरमच्छ बाढ़ नियंत्रण योजना के तहत चल रही सफाई के कारण अपने प्राकृतिक निवास से निकल आया। वडोदरा नगर निगम इन दिनों नदी से जुड़े नालों और कूलों की सफाई कर रहा है जिससे मगरमच्छों के रहने की जगह पर असर पड़ा है। ऐसे में कई मगरमच्छ नई जगह की तलाश में शहर की ओर निकल आए हैं। जून महीने के मध्य से अब तक 8 से 9 मगरमच्छों को अलग-अलग इलाकों से पकड़ा गया है।
लोगों को चेतावनी और सतर्कता की अपील
वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि अगर वे ऐसे किसी जंगली जानवर को देखें तो घबराएं नहीं बल्कि तुरंत अधिकारियों को सूचना दें। मोबाइल से वीडियो बनाना या पास जाकर देखने की कोशिश करना खतरनाक हो सकता है। साथ ही नगर निगम को भी चेतावनी दी गई है कि सफाई कार्य को इस तरह से किया जाए कि मगरमच्छों को सुरक्षित रास्ता मिल सके।


