MP नगर निकाय चुनाव: AAP ने जारी किया घोषणापत्र, दिल्ली की तर्ज पर सुविधाएं देने का किया वादा

Author Picture
By MPSAMACHAR Published On: July 1, 2022

ग्वालियर। नगरीय निकाय चुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी ने अपना मेनिफेस्टो जारी कर दिया, मेनिफेस्टो में दिल्ली मॉडल की झलक देखने को मिल रही है। जिस तरीके से दिल्ली वासियों को सुविधाएं दी जा रही हैं, उसी आधार पर मध्य प्रदेश के निकायों में आम लोगों को सुविधाएं देने की बात आम आदमी पार्टी ने अपने मेनिफेस्टो में कही है।

 

हाउस टैक्स माफ, कमर्शियल टैक्स को साफ करने की बात कही गई है। इसके साथ ही हर घर को 20 हजार लीटर पानी मुफ्त देने की बात भी प्रमुखता से उठाई गई है, वहीं महिला छात्राओं के लिए नि:शुल्क शहरी बस सेवा चलाने का ऐलान भी किया गया है। इसके अलावा वर्तमान में जो नगर निगम कर्मचारी अस्थाई है, उनको स्थाई करने का वादा भी घोषणा पत्र के जरिए किया गया है।

प्रदेश प्रभारी मुकेश गोयल का कहना है कि जिस तरीके से दिल्ली की आम जनता को आम आदमी पार्टी सरकार सुविधा दे रही है, उसी तरह मध्य प्रदेश में दिया सुविधाएं दी जाएंगी। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में प्रवेश के लिए सबसे पहले ग्वालियर नगर निगम पड़ता है और यही कारण है कि इस बार आम आदमी पार्टी ग्वालियर में जीत दर्ज कराने जा रही है।

 

इसके साथ ही उन्होंने सिंधिया और अन्य नेताओं के गढ़ ढहे जाने के सवाल पर कहा कि गढ़ किसी का नहीं होता, जनता जिस दिन मन बना लेती है, सभी गढ़ ढह जाते हैं, दिल्ली में भी कुछ ऐसा ही हाल था। वहां भी अरविंद केजरीवाल ने बड़े-बड़े लोगों के किलों को ढहा दिया।