पूर्व मंत्री ने की 7 दिवसीय पद यात्रा की घोषणा, अंचल के इन क्षेत्रों में इस तरह होगी यात्रा

Author Picture
By MPSAMACHAR Published On: August 30, 2020
govind-singh-announces-7-day-post-tour
ग्वालियर :- अवैध रेत उत्खनन को रोकने एवं जल, जीव व जंगल बचाने के मकसद से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री डॉ. गोविंद सिंह नदी बचाओ सत्याग्रह करने जा रहे हैं। 5 से 11 सितंबर के बीच लहार से सेंवढ़ा के बीच होने जा रही इस पदयात्रा में मैगसेसे पुरस्कार विजेता वाटरमैन राजेंद्र सिंह, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, अजय सिंह, विवेक तन्खा सहित कई हस्तियां अलग-अलग दिनों में शामिल होंगे।

डॉ. गोविंद सिंह ने कहा कि उनका यह सत्याग्रह विशुद्ध रूप से गैर राजनीतिक और सामाजिक सरोकार से जुड़ा है। उन्होंने कहा कि रेत माफिया ने चंबल व सिंध को खोखला कर दिया है, जिससे व्यापक पर्यावरणीय संकट खड़ा हो गया है। हमने कोर्ट से लेकर विधानसभा तक यह मसला उठाया, लेकिन सफलता नहीं मिली, लिहाजा जनजागरण का विकल्प हमारे सामने है। उन्होंने कहा कि नदियों में बेइंतिहा खनन से जलस्तर 50 से 60 फीट तक गिरा है।

अब हम पदयात्रा के जरिए लोगों को जागरूक करेंगे और सरकार तक बात पहुंचाएंगे। उन्होंने बताया कि 5 सितंबर को लहार स्टेडियम से पदयात्रा का शुभारंभ होगा। 7 सितंबर को पदयात्रा भिंड पहुंचेगी। 8 को बरही चंबल के तट पर और वहां से 9 सितंबर को खैराघाट रौन पहुंचेगी। 10-11 सितंबर को दतिया के सेवढ़ां रहेगी। 1 को सेंवढ़ा में समापन होगा। यात्रा में कांग्रेस के प्रवक्ता मोहन प्रकाश, एकता परिषद के पीवी राजगोपाल भी रहेंगे। प्रेसवार्ता में कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक सिंह व जिला कार्यकारी अध्यक्ष वासुदेव शर्मा भी उपस्थित थे।