वीडियो कॉल पर सुसाइड की दी धमकी, कमरे में मिली लड़की की लाश

Author Picture
By Desk Input Published On: December 17, 2024

ग्वालियर। एक 22 साल की युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सुसाइड से पहले उसने अपने मंगेतर को वीडियो कॉल किया और फिर फांसी के फंदे से लटक गई। घटना से घबराए मंगेतर ने तत्काल मामले की जानकारी युवती के चचेरे भाई को दी। भाई दौड़कर घर पहुंचा। लेकिन तब तक युवती फांसी के फंदे पर लटक चुकी थी। इसके बाद मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतका के शव को फांसी के फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम हाउस पहुंचाया।

युवती को मंगेतर कर रहा था परेशान; परिजनों की आशंका
युवती के परिजनों ने आशंका जताई है कि मंगेतर उसे परेशान कर रहा था। इसके चलते उसने यह आत्मघाती उठाया है। दरअसल, उत्तर प्रदेश के ललितपुर की रहने वाली अंशिका कुशवाहा ग्वालियर के बहोड़ापुर के विनय नगर इलाके में अपने चाचा राधे कुशवाहा, चचेरे भाइयों और अन्य परिजनों के साथ निवास कर पढ़ाई कर रही थी। 4 अक्टूबर को उसकी सगाई गुढ़ा गुढ़ी का नाका इलाके में रहने वाले अर्जुन कुशवाहा से हुई थी।

सगाई के बाद दोनों की फोन पर होती थी बातचीत
सगाई के बाद दोनों की फोन पर बातचीत भी होने लगी। बीते रोज अंशिका घर में अकेली थी। तभी वाट्सऐप पर अर्जुन का उसके पास कॉल आया और किसी बात को लेकर दोनों के बीच झगड़ा हुआ। अंशिका ने अर्जुन को आत्महत्या करने की धमकी दी। अर्जुन ने तत्काल उसके चचेरे भाई कर्तव्य कुशवाहा को बताया कि उसकी बहन आत्महत्या करने जा रही है।

कमरा खुला तो मिली लड़की की लटकी हुई लाश
जानकारी मिलते ही चचेरा भाई तत्काल घर के लिए दौड़ा लेकिन तब तक अंशिका ने फांसी लगा ली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतका के शव को पोस्टमार्टम हाउस पहुंचा दिया। परिजनों का आरोप है कि मंगेतर उसे परेशान कर रहा था जिसके चलते उसने यह आत्मघाती कदम उठाया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निरंजन शर्मा का कहना है कि फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के कथन के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।