भोपाल। मध्य प्रदेश भारतीय जनता पार्टी में नए प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, बैतूल से विधायक और पूर्व सांसद हेमंत खंडेलवाल इस दौड़ में सबसे मजबूत दावेदार के रूप में उभरे हैं। संगठन में उनकी सक्रिय भूमिका और लंबा अनुभव उन्हें अन्य दावेदारों से आगे खड़ा करता है। हेमंत खंडेलवाल इस समय कुशाभाऊ ठाकरे ट्रस्ट के अध्यक्ष पद पर कार्यरत हैं। उन्हें पार्टी के भीतर एक सशक्त संगठनकर्ता और रणनीतिकार के रूप में जाना जाता है। उनके नेतृत्व में ट्रस्ट ने कई संगठनात्मक गतिविधियों को मजबूती से अंजाम दिया है।
पार्टी बना रही जातीय और क्षेत्रीय संतुलन
सूत्रों की मानें तो भाजपा नेतृत्व इस बार प्रदेश अध्यक्ष के चयन में जातीय और क्षेत्रीय संतुलन को खास महत्व दे रहा है। हेमंत खंडेलवाल का नाम इस लिहाज से भी उपयुक्त माना जा रहा है, क्योंकि वे मालवा-निमाड़ और महाकौशल क्षेत्र को जोड़ने वाले एक अहम नेता हैं। उनकी छवि साफ-सुथरी मानी जाती है और वे संगठन से लेकर जनसंपर्क तक में बेहद सक्रिय हैं।
हालांकि, पार्टी की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार, प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति पर शीर्ष नेतृत्व द्वारा अंतिम विमर्श चल रहा है। भाजपा आलाकमान जल्द ही नाम की औपचारिक घोषणा कर सकता है। अगर हेमंत खंडेलवाल को प्रदेश अध्यक्ष बनाया जाता है, तो यह निर्णय भाजपा की आगामी रणनीतियों को भी प्रभावित कर सकता है। खासकर 2029 की तैयारियों और संगठनात्मक पुनर्गठन में उनकी भूमिका निर्णायक हो सकती है। भाजपा कार्यकर्ताओं और प्रदेश के सियासी गलियारों में अब सबकी निगाहें आधिकारिक ऐलान पर टिकी हुई हैं।


