Herbal Tea Benefits: भारत में सुबह सुबह कई लोग खाली पेट चाय पीना पसंद करते हैं। लोग चाय में चीनी, पत्ती, अदरक और बहुत सारा दूध डालकर इसे बनाते हैं और खाली पेट पी लेते हैं। हालांकि यह चाय स्वाद में अच्छी लगती है लेकिन यह सेहत के लिए जहरीली साबित हो सकती है। खाली पेट चाय या कॉफी पीने से गैस, एसिडिटी और पेट फूलने जैसी समस्याएं हो सकती हैं। इसलिए अगर आपको चाय पीने की इच्छा होती है तो सुबह हर्बल चाय पीना ज्यादा फायदेमंद होता है। आज हम आपको ऐसी हर्बल चाय बनाने की विधि बताने जा रहे हैं जो न केवल पेट को आराम देगी बल्कि आपकी जेब पर भी ज्यादा बोझ नहीं डालेगी।
हर्बल चाय बनाने की विधि
सबसे पहले एक पैन में एक गिलास पानी डालें। अब इसमें एक चम्मच हरा सौंफ डालें। इसके बाद 15-20 तुलसी के पत्ते कुचलकर पानी में डालें। 4-5 लौंग और 2 हरी इलायची भी डालें। अब एक छोटा टुकड़ा गुड़ डालकर लगभग 10 मिनट तक पकाएं। जब पानी आधा रह जाए तो गैस बंद कर दें और चाय को छान लें। आपकी हर्बल चाय तैयार है। इस चाय को पीने से गैस, एसिडिटी, जलन और पेट की अन्य समस्याएं दूर होती हैं।

हर्बल चाय के फायदे
यह हर्बल चाय पेट के लिए वरदान से कम नहीं है। इससे न केवल पेट की समस्याएं दूर होती हैं बल्कि यह आपकी इम्यूनिटी भी बढ़ाती है। सर्दी और खांसी के लक्षण कम होते हैं। जो लोग सुबह सुबह पेट में गैस और भारीपन महसूस करते हैं, उन्हें इस चाय से राहत मिलती है। इस चाय में मौजूद तुलसी, इलायची और लौंग जैसे घटक प्राकृतिक औषधि का काम करते हैं और शरीर को अंदर से स्वस्थ बनाते हैं।
मसालों में बदलाव कर सकते हैं स्वाद
अगर आप चाहें तो इस हर्बल चाय में मसालों को अपनी पसंद से बदल भी सकते हैं। लौंग की जगह दालचीनी डाल सकते हैं या इलायची की जगह काली मिर्च। सौंफ की जगह जीरा या अजमोद (सेलेरी) भी इस्तेमाल किया जा सकता है। खासकर बरसात के मौसम में इस चाय का सेवन कई तरह के संक्रमण से बचाव करता है। सर्दी-जुकाम की शिकायतों में यह चाय बहुत असरदार साबित होती है।
कम खर्च में सेहतमंद विकल्प
यह हर्बल चाय बनाना बहुत आसान और सस्ता भी है। केवल 5 रुपये में यह चाय तैयार हो जाती है जो आपकी सेहत के लिए बेहद फायदेमंद है। सुबह खाली पेट इस चाय का सेवन करके आप दिन भर तरोताजा महसूस करेंगे और पेट की परेशानियों से भी मुक्त रहेंगे। इसीलिए सुबह की चाय को हर्बल चाय से बदलना एक समझदारी भरा फैसला है।


