प्रेग्नेंसी की खबरों पर भड़के अर्जुन कपूर, गुस्से में कह डाली ये बात

Author Picture
By Sharma Published On: June 1, 2023

मुंबई। एक्टरअर्जुन कपूर और मलाइका अरोड़ा पिछले कई सालों से एक-दूसरे को डेट कर रहे हैं। दोनों अपने रिश्ते को लेकर काफी सुर्खियां बटोरते हैं। दोनों के फोटोज वीडियोज सोशल मीडिया पर काफी वायरल भी होते रहते हैं। कपल अक्सर वेकेशन एंजाॅय करते नजर आते हैं। वहीं अब एक बार फिर दोनों चर्चा का विषय बन गए हैं। हाल ही में मलाइका की प्रेग्नेंसी को लेकर अफवाह उड़ी थी। ये खबर सोशल मीडिया पर काफी वायरल भी हुई। ऐसे में अब मलाइका के ब्वाॅयफ्रेंड अर्जुन कपूर इन खबरों पर भड़क उठे हैं। उन्होंने इस खबर पर झूठी अफवाह फैलाने वालों खरी खोटी सुनाई है।

 

बता दें कि पिछली साल नवंबर में मलाइका अरोड़ा की प्रेग्नेंसी की खबरें सामने आई थीं। मीडिया रिपोर्ट्स में ऐसी खबरें आई थीं कि मलाइका, अर्जुन के बच्चे की मां बनने वाली हैं। वहीं ये भी बताया गया था कि दोनों अक्टूबर 2022 में लंदन गए थे, जहां उन्होंने अपने करीबियों को प्रेग्नेंसी के बारे में बताया था। अब अर्जुन ने इसी बात को लेकर रिएक्ट किया है। अर्जुन ने एक इंटरव्यू में कहा ‘मेरा मानना ये है कि इस तरह की खबरें फैलाने के पीछे का मकसद होता है लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचना। हम स्टार्स हैं, हमारी निजी जिंदगी हमेशा निजी नहीं होती है। आप कई बार हमारी पर्सनल लाइफ को प्रोफेशन में जोड़ते हैं।’

 

इसके आगे उन्होंने कहा ‘हम ऑडियंस तक पहुंचने के लिए हमेशा मीडिया का सहारा लेते हैं। उन पर काफी भरोसा करते हैं। हम बस इतनी अपेक्षा करते हैं कि आप ये समझें कि हम भी इंसान हैं। अगर आप किसी के बारे में कुछ लिख रहे हैं तो कम से कम उसे एक बार चेक कर लें और कम से कम एक बार सोच लें। कई बार चीजें मान लेने से ज्यादा उन्हें जांचना जरूरी होती है। आपके कुछ भी लिख देने से किसी की पर्सनल लाइफ पर काफी असर पड़ता है।’ अर्जुन कपूर की इन बातों से साफ है कि वे इस तरह की खबरों को जरा भी सहन नहीं करेंगे।